चम्पावत जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना से बनेंगे 723 आवास
चम्पावत, अमृत विचार। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वर्ष 2022-23 में जिले के चारों विकास खंडों में 723 आवासों का निर्माण किया जाएगा। सार्वाधिक आवास चम्पावत विकास खंड और सबसे कम आवास बाराकोट विकास खंड के लिए प्रस्तावित किए गए हैं। ब्लाक स्तर पर लाभार्थियों का चयन कर आवास निर्माण की पहली किश्त उनके खातों में डाल दी जाएगी।
सीडीओ आरएस रावत ने बताया कि जिले में कुल 723 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभांवित करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें सर्वाधिक 453 परिवार एससी, एसटी और 270 आवास सामान्य परिवार शामिल हैं। बताया कि चम्पावत विकास खंड में 273, लोहाघाट विकास खंड में 202, पाटी विकास खंड में 196 और बाराकोट विकास खंड में 52 आवासों का निर्माण किया जाएगा। चम्पावत विकास खंड में 175 आवास एससी, एसटी और 98 आवास सामान्य परिवारों को दिए जाएंगे। इसी प्रकार लोहाघाट विकास खंड में 117 एससी, एसटी और 85 सामान्य, पाटी विकास खंड में 123 एससी, एसटी और 73 सामान्य जबकि बाराकोट विकास खंड में 38 एससी, एसटी और 14 आवास सामान्य परिवारों को उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार ने आवासों को स्वीकृति प्रदान करते हुए इनके निर्माण के लिए गाइड लाइन जारी कर दी है।
लाभार्थी का पंजीकरण आधार नंबर, आधार लिंक, बैंक खाते का विवरण एवं मोबाइल नंबर का अंकन कर जियो टैग किया जाएगा। लाभार्थी का चयन होने पर एक माह के भीतर सभी को आवास आवंटित कर पहली किश्त जारी कर दी जाएगी। सीडीओ ने सभी खंड विकास अधिकारियों को आवास योजना के लिए त्रुटि रहित पात्र लाथार्थियों का चयन कर सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
