मुरादाबाद: केक काटने के बहाने शिक्षिका के बेटे ने घर बुलाकर छात्रा से किया दुष्कर्म
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर छात्रा पर डाले थे डोरे, महिला टीचर व उनके पुत्र समेत 10 पर केस
मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका के पुत्र ने केक काटने के बहाने नाबालिग छात्रा को घर बुलाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां की तहरीर पर कटघर पुलिस ने आरोपी युवक व उसकी मां समेत 10 आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
कटघर थाना क्षेत्र में अमतुल विहार की रहने वाली पीड़िता की मां के मुताबिक उनकी नाबालिग पुत्री होनहार छात्रा है। वर्ष 2019 में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर पंचायत भवन में "हमारा वोट हमारा अधिकार" कार्यक्रम में उसने नुक्कड़ नाटक किया था। इसमें अन्य स्कूलों के छात्रों में सैयद मोहम्मद हादि निवासी 177 दरबार एकला अमरोहा भी था।
युवक ने नाबलिग छात्रा को बहला-फुसला कर नजदीकी बढ़ाई। युवक की करतूत में उसकी मां, पिता, बहन, चाचा, चाची, बहन की पुत्री, मामा व ताई भी हमसाज रहे। किशोरी को सब्जबाग दिखाकर आरोपी अपने घर बुलाने लगे। मुगलपुरा थाना क्षेत्र में लाकड़ी वालान निकट शिया मस्जिद के रहने वाले आरोपियों ने साजिश के तहत दो मई 2022 को केक काटने के बहाने किशोरी को अपने घर बुलाया। वहां सैयद मोहम्मद हादी ने नाबालिग से दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाया। जुबान खोलने पर परिणाम भुगतने और अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
14 मई को आरोपियों ने पीड़िता को एक शादी समारोह में बुलाया। पीड़िता ने इनकार कर दिया। तभी से आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता की मां की तहरीर पर एसएसपी ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का आदेश दिया। कटघर थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : डंपर ने कार में मारी टक्कर, युवती की मौत, 7 घायल
