रायबरेली: तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, रायबरेली। जिले के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ प्रयागराज मार्ग पर सवैया तिराहा स्थित सैनिक ढाबा के पास कार और कंटेनर ट्रक आमने सामने से टकरा गए। घटना में कार सवार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी से प्रयागराज अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की जांच में जुटी है। 

प्रयागराज के धूमनगंज थाना अंतर्गत मुंडेरा मंडी के मीरा पट्टी 72/86 निवासी युवक कपिल कुमार चालक अनिल कुमार के साथ रविवार की सुबह कार से किसी आवश्यक कार्य से लखनऊ जा रहे थे। तभी सवैया तिराहा स्थित सैनिक ढाबा के पास रायबरेली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने सामने से कार में जोरदार टक्कर मार दी। और कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। 

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस व राहगीरों ने कार का दरवाजा तोड़कर कार में सवार दोनों लोगों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। तथा कार में सवार कपिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद कपिल कुमार को उसके निजी अनुरोध पर प्रयागराज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। 

सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज शुक्ल ने बताया कि कार चालक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। वहीं घायल को प्राथमिक उपचार के बाद उसके अनुरोध पर प्रयागराज स्थित अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि मार्ग दुर्घटना में कार चालक की मौत हो चुकी है। शव की पहचान के लिए संपर्क किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:-BSP Chief मायावती ने सपा-भाजपा पर लगाया मिलीभगत का आरोप, कहा- मुस्लिम समाज को चिन्तन करने की जरूरत

संबंधित समाचार