उप्र: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर चलाई जायेंगी ‘ए‘ श्रेणी की रोडवेज बसें
लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम प्रशासन ने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे मार्ग पर होने वाली दुर्घटनाओं के अंकुश लगाने के लिए एसओपी जारी किया है। निगम के प्रबंध निदेशक डा.राजशेखर ने बताया कि इस रुट पर होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुये कई निर्णय लिये गये हैं। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे पर ‘ए‘ श्रेणी की …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम प्रशासन ने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे मार्ग पर होने वाली दुर्घटनाओं के अंकुश लगाने के लिए एसओपी जारी किया है। निगम के प्रबंध निदेशक डा.राजशेखर ने बताया कि इस रुट पर होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुये कई निर्णय लिये गये हैं। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे पर ‘ए‘ श्रेणी की बसें ही इस मार्ग पर चलाई जायेंगी।
एक्सप्रेस-वे मार्ग पर संचालित बसों में ऐसे चालकों की ड्यूटी लगायी जायेगी जिनका विगत 5 वर्षो का संचालन सुरक्षित संचालन का रिकार्ड अच्छा रहा हो। वहीं इस रुट पर उन परिचालकों की तैनाती की जायेगी जो अनुशासित व यात्रियों से मधुर व्यवहार के साथ-साथ संचालन अवधि में सजग रहते हों। इसके अलावा बसों की ओवर स्पीडिंग व दुर्घटनाओं का मासिक डेटा यूपीडा व जमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण से लेकर समीक्षा की जायेगी ।
यूपीडा की ओर से दिये गये सुझाव पर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर संचालित सभी रोडवेज बसें लखनऊ से प्रथम टोल प्लाजा के बाद सड़क के किनारे स्थित कनविनियन सेन्टर पर प्रत्येक 200 किमी के बाद 10 मिनट के लिये यात्रियों को प्रसाधन व अल्पहार के लिए दस मिनट का ठहराव दिया जायेगा। यह व्यवस्था आगरा से वापस लखनऊ आने वाले सेवाओं पर भी रहेगी।
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर राउंड द क्लॉक फ्लाइंग स्क्वायड की तैनाती की जायेगी जिससे निगरानी की व्यवस्था बेहतर हो सकें। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम की संचालित बसों से विगत तीन वर्षों में घटित दुर्घटनाओं के स्थलीय निरीक्षण के उपरान्त कारणों की सूचना का अध्ययन व फील्ड के अधिकारियों से विचार विमर्श और चर्चा के बाद मुख्यालय स्तर पर दुर्घटनाओं के निगरानी के लिए प्रधान प्रबन्धक स्तर के अधिकारी की अध्यक्षता में एक बैठक हुये जिसमे सभी निर्णय लिये गये।
