अयोध्या: अधेड़ को टक्कर मारने के बाद पलटा ई-रिक्शा, पांच घायल
अमृत विचार, बीकापुर, अयोध्या। अयोध्या-प्रयागराज हाइवे पर रविवार को सुबह कोतवाली के निकट एक अधेड़ को टक्कर मारने के बाद ई-रिक्शा पलट गया। जिसमें पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर पहुंचाया। जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद गंभीर रूप से घायल राम अभिलाख पुत्र हुबलाल निवासी कुम्हिया थाना महाराजगंज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि ई रिक्शा पर अभिषेक अपनी मौसी के घर भवानीपुर कोछा से मित्रों लवकुश, विकास, बिट्टू के साथ पातूपुर गांव आ रहे थे। जैसे ही ई - रिक्शा कोतवाली के पास पहुंची उसने सड़क पर जा रहे 48 वर्षीय राम अभिलाख को टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। टक्कर के चलते ई रिक्शा भी पलट गया। जिसमें सवार चारों युवक भी घायल हो गए।
पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद अभिषेक, लवकुश, विकास और बिट्टू को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं राम अभिलाख की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ई-रिक्शा को कोतवाली पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
यह भी पढ़ें:-सांसद बनीं डिंपल कल लेंगी शपथ, अखिलेश यादव भी रहेंगे मौजूद
