चम्पावत: पाला पड़ने वाले सड़क मार्गो में चेतावनी बोर्ड लगने शुरू
चम्पावत, अमृत विचार। चम्पावत जिले में सभी पाला पड़ने वाले सड़क मार्गो में दुर्घटना की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में विशेष तैयारियां की जा रही है।
मालूम हो कि शीतकाल की पूर्व तैयारियों को लेकर पिछले दिनों 8 दिसंबर को प्रभारी जिलाधिकारी हेमन्त कुमार वर्मा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ वर्चुअली बैठक कर शीतकाल के लिए की जा रही विभिन्न तैयारियों की जानकारी लेते हुए विभागों को आवश्यक निर्देश दिए थे।
इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण विभागों लोनिवि, एनएच, पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को सभी पाला पड़ने वाले सड़क मार्गों में एक सप्ताह के भीतर चेतावनी बोर्ड लगाने के साथ ही सभी पाला पड़ने वाले स्थानों में नियमित चूना छिड़काव के निर्देश दिए। बर्फबारी में बंद सड़क मार्गों को त्वरित खोले जाने के लिए जेसीबी तैनाती के लिए टेंडरिंग की कार्यवाही के भी निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त इन मार्गों व स्थानों में नमक का छिड़काव किए जाने के लिए नमक का भी स्टॉक रखने के निर्देश दिए। प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि विभागीय लापरवाही के कारणों से अगर वाहन दुर्घटना होती है तो संबंधित विभागीय अधिकारी की पूर्ण जिम्मेदारी मानी जाएगी।
