13 दिसंबर को मथुरा में होगा प्रबुद्ध जन सम्मेलन, मुख्यमंत्री योगी होंगे शामिल
मथुरा, अमृत विचार। मथुरा में 13 दिसंबर को होने वाले प्रबुद्ध जन सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना है। मुख्यमंत्री के आगमन की खबर मिलने ही प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई है। रविवार की शाम को डीएम एसएसपी भाजपा पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और व्यवस्थाओं को परखा।
भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा ने बताया कि 13 दिसंबर को भाजपा का प्रबुद्ध जन सम्मलेन होना है। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य बड़े पदाधिकारी एवं प्रदेश के मंत्रीगण आएंगे। कार्यक्रम के लिए स्थान की तलाश की जा रही है।
अभी तक सेठ बीएन पोद्दर इंटर कॉलेज का मैदान चयनित हुआ है। पूरी संभावना है कि यहां पर कार्यक्रम आयोजित होगा। इधर, मुख्यमंत्री के आगमन की जानकारी होने पर डीएम पुलकित खरे व एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, नगर आयुक्त अनुयन झा भाजपा के पदाधिकारियों के साथ सेठ बीएन पोद्दर इंटर कॉलेज पहुंचे।
यहां उन्होंने कॉलेज के मैदान का निरीक्षण किया। साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को भी देखा। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि अभी संभावित कार्यक्रम आया है। इसी के मद्देनजर तैयारियां की जा रही है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी।
