बरेली: कोहाड़ापीर के पेट्रोल पंप पर तेल भराने को लेकर हंगामा, तोड़फोड़
बरेली, अमृत विचार। कोहाड़ापीर स्थित पेट्रोल पंप पर सोमवार की रात बाइक से पहुंचे युवकों ने हंगामा कर दिया। आरोपियों ने अपनी बाइक में जबरन पेट्रोल डाल लिया और रुपये मांगने पर मैनेजर के केबिन में तोड़फोड़ कर लूटपाट की कोशिश की। इसके बाद पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। पंप से पुलिस को सूचना दी गई तो पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर कर्मचारियों से जानकारी ली। पंप के सीसीटीवी फुटेज के जरिए युवकों की पहचान कराने की बात कही जा रही है।
ये भी पढ़ें- बरेली: रेरा ने आनंद लाइफ स्पेस डेवलपमेंट पर 29.22 लाख का लगाया जुर्माना
कोहाड़ापीर के पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने बताया कि सोमवार रात करीब 9.30 बजे पांच-छह लड़के पेट्रोल पंप पर पहुंचे और स्टाफ से विवाद करने लगे। इसी बीच उन्होंने अपनी बुलेट बाइक में खुद ही 900 रुपये का पेट्रोल डाल लिया। कर्मचारियों ने विरोध कर पेट्रोल के रुपये मांगे तो आरोपियों ने हमला कर दिया और उन लोगों से मारपीट करने लगे।
सड़क किनारे पड़ा पत्थर उठाकर पेट्रोल पंप के मैनेजर के केबिन का शीशा तोड़ दिया और वहां रखा कैश लूटने की कोशिश की। हंगामा होते देख कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी तो आरोपी वहां से भाग निकले। पुलिस से मामले की शिकायत की गई है। हालांकि रात तक रिपोर्ट नहीं हुई थी।
ये भी पढ़ें- बरेली: अस्पताल गेट पर बन रहे पिलर, मुश्किलों से घिरे मरीज और दिव्यांग
