काशीपुर: रेलवे ने 22332 मामलों में वसूला 1.33 करोड़ का राजस्व

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। रेलवे ने ट्रेनों में बिना बुक सामान लेकर जाने और बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान इज्जतनगर मंडल ने एक महीने में 22332 मामले पकड़कर एक करोड़ 33 लाख रुपये का राजस्व वसूला है।

पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि मंडल की टिकट जांच दल टीम की ओर से बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया गया है। इज्जतनगर मंडल पर बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा एवं बिना बुक सामान, यात्रा की प्रवृति पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नवंबर में 8 बस रेड, 26 स्पॉट चैक, 12 ब्रांच लाइन चैक तथा 6 किला बंदी टिकट जांच अभियान बरेली सिटी-कासगंज, मथुरा छावनी-कासगंज-फर्रुखाबाद-रावतपुर, बरेली सिटी-लालकुआं-काशीपुर, बरेली सिटी-पीलीभीत-टनकपुर, रामनगर-काशीपुर-मुरादाबाद, काठगोदाम-लालकुआं-रामपुर में नियमित अंतराल पर पूरे महीने किया गया।

इस दौरान टीमों ने 261 ट्रेनों की जांच की गई। जिसमें टीमों ने 22332 मामले पकड़कर एक करोड़ 33 लाख का राजस्व वसूला। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में टीमों ने 19845 उच्च प्रभार के मामले पकड़कर 1.14 करोड़ राजस्व की प्राप्ति हुई थी। इस प्रकार गत माह की तुलना में उच्च प्रभार के मामलों में 12.53 प्रतिशत तथा रेल राजस्व में 16.82 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है।

उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक रेखा यादव ने वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं टिकट जांच दल के कर्मियों को उक्त अप्रत्याशित सफलता के लिए बधाई दी। साथ ही वाणिज्य विभाग के अधिकारी बिना टिकट यात्रा की प्रवृत्ति का समूल नाश करने में सफलता अर्जित करेंगे।

संबंधित समाचार