बरेली: 17 को महापौर पद के आवेदनों की स्क्रीनिंग, तीन नामों पर लगेगी मुहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। भाजपा ने भी निकाय चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। बरेली महापौर पद के आवेदनों की स्क्रीनिंग करने के बाद तीन नाम तय करने को लेकर 17 दिसंबर को महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। जिसमें जिला चुनाव प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण सिंह, सह चुनाव प्रभारी विधायक सलिल विश्नोई भी शामिल होंगे। इनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष गंगवार, वनमंत्री व शहर विधायक डा. अरुण कुमार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल के साथ महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा भी बैठक में शामिल होंगे। ये सभी स्क्रीनिंग कमेटी में शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- बरेली: चॉकलेट खाकर पशुओं में बढ़ रही दूध उत्पादन की क्षमता

डा. केएम अरोड़ा ने अभी तक महापौर पद के लिए आवेदन नहीं किया है। इसलिए वह कमेटी में शामिल रहेंगे। यदि वह आवेदन कर देते हैं तो कमेटी से बाहर हो जाएंगे। 17 को होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में ही 25 आवेदनों की जांच के बाद महापौर पद के लिए तीन नामों पर मुहर लगेगी, ये नाम ही हाईकमान को भेजे जाएंगे। महापौर पद के लिए बुधवार दोपहर 2 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इधर महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा ने बताया कि स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक भाजपा कार्यालय में ही होगी और उसी में महापौर पद के तीन नाम तय किए जाएंगे। निगम के पार्षदों की 80 सीटों के लिए प्रत्येक वार्ड से तीन-तीन नाम क्षेत्रीय स्तर पर ही तय किए जाएंगे। महापौर पद के नाम तय होने के बाद पार्षद पदों पर फोकस किया जाएगा।

तारीखें तय कर हर वार्ड में बैठकें करें वार्ड संयोजक
कार्यालय में मंगलवार को चुनावी तैयारियां परखने के लिए नगर निगम के 80 वार्डों के वार्ड संयोजकों की बैठक हुई। जिसमें वार्ड संयोजकों को स्पष्ट रूप से दिशा-निर्देश दिए गए कि वार्डों में सक्रियता बढ़ाएं। बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष समेत अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें शुरू करें। वार्ड का व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं और उसमें ज्यादा से ज्यादा आमजन को जोड़ें, ताकि लोगों को भाजपा सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जा सके। 

महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा ने बताया कि वार्डों को जिताने का जिम्मा वार्ड संयोजकों पर ही है। उन्हें वार्डों में पन्ना समिति बनाने को भी कहा गया है। एक पन्ना समिति में पांच सक्रिय सदस्य शामिल रहेंगे। नगर निगम चुनाव संयोजक अधीर सक्सेना ने बताया कि वार्ड संयोजकों को हर वार्ड में तारीखें तय कर बैठकें करने को भी कहा गया है। बैठक में पूरन लाल लोधी, प्रभु दयाल लोधी, गुलशन आनंद, तृप्ति गुप्ता और प्रत्येश पांडेय, अरुण कश्यप आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- बरेली: 47 करोड़ के घोटाले की जांच ईओडब्ल्यू को सौंपी, शहला ताहिर की मुश्किलें बढ़ीं

 

संबंधित समाचार