Kanpur News : हैलट अस्पताल प्रशासन की ओर से की जा रही नई व्यवस्था, वार्ड एक का कराया जा रहा रेनोवेशन, 40 बेड होंगे तैयार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Kanpur News कानपुर के हैलट अस्पताल प्रशासन करा रहा नई व्यवस्था।

Kanpur News कानपुर में हैलट अस्पताल प्रशासन नई व्यव्स्था करा रहा है। इसमें वार्ड एक का रेनोवेशन कराया जा रहा है। जिसमें 40 बेड तैयार होंगे।

अमृत विचार, कानपुर। हैलट अस्पताल की इमरजेंसी में आने वाले गंभीर मरीजों को वार्ड में शिफ्ट करने से पहले वार्ड नंबर एक में 24 घंटे के लिए रखा जाएगा। यहां स्थिति कुछ बेहतर मिलने पर ही वार्ड भेजा जाएगा। यह व्यवस्था मरीजों की बेहतरी को लेकर बनाई गई है। वार्ड नंबर एक में रेनोवेशन का कार्य शुरू हो गया है। फॉल सीलिंग और वाल सीलिंग कराई जा रही है। यह पूरी तरह से अलग नजर आएगा।

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज संबद्ध हैलट अस्पताल में कानपुर समेत आसपास के जिलों के मरीज और सड़क हादसों में घायल हुए लोग आते हैं। इमरजेंसी के अंदर ही मेडिसिन, सर्जरी, न्यूरो और अस्थि रोग विभाग की अलग अलग यूनिट है। इमरजेंसी के ऊपर मरीजों का भार अधिक न पड़े उसके लिए उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाता है।

वार्ड में शिफ्ट होने के बाद तीमारदारों की ओर से मरीज की देखभाल सही तरीके से न होने की शिकायतें आती रहती हैं। यह कई बार हो चुका है। इसको लेकर अस्पताल प्रशासन संजीदा हो गया है। वार्ड एक, जहां पर बर्न वार्ड था उसको पूरी तरह से रेनोवेट कराया जा रहा है।

प्रमुख अधीक्षक प्रो. आरके मौर्या ने बताया कि इमरजेंसी के बाद मरीज को 24 घंटे के लिए वार्ड नंबर एक में भर्ती किया जाएगा। यहां से उसकी हालत में सुधार होने के बाद ही अन्य वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा। यहां कई तरह की सुविधाएं रहेगी। ऑक्सीजन गैस लाइन पहले ही पड़ी हुई है। फॉल सीलिंग और वॉल सीलिंग का कार्य चल रहा है।

इमरजेंसी के बाहर तड़पती रही महिला

मंगलवार की दोपहर में इमरजेंसी के बाहर एक महिला तड़पती रही। उनके साथ किशोरी भी थी, जो कि महिला को बार बार उठाने का प्रयास कर रही थी। महिला दूसरे जिले की बताई जा रही है। वह डॉक्टर को दिखाने के लिए ओपीडी में पहुंची थी। महिला का तड़पना देखकर कुछ तीमारदारों ने अस्पताल कर्मियों को जानकारी दी। अस्पताल कर्मी महिला को इमरजेंसी लेकर गए।

संबंधित समाचार