बाराबंकी: शॉर्ट सर्किट से आग का गोला बनी वातानुकूलित बस, बाल-बाल बचे सभी यात्री
अमृत विचार,बाराबंकी। गोरखपुर से 32 सवारियों को लेकर लखनऊ के लिए निकली एक प्राइवेट एसी बस ज़िले की सफदरगंज सीमा में पहुंचने पर अचानक हुए शॉर्ट सर्किट के बाद देखते-देखते आग का गोला बन गई। बस में बैठे लोगों ने आनन-फानन में बस से कूद कर अपनी जान बचाई। वहीं हादसे में यात्री तो सुरक्षित उतर गए लेकिन उनमे से कई यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर आनन-फानन में पुलिस व फायरकर्मियों ने घंटों चली मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया। लेकिन घंटो चले इस बचाव कार्य के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर लखनऊ की ओर जाने वाली लेन दो घंटे बाधित रही। जिसकी वजह से कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
थाना सफदरगंज के राष्ट्रीय राजमार्ग लखनऊ अयोध्या हाईवे पर संत कबीर नगर जिले की एक प्राइवेट ऐसी बस जिसका नंबर यूपी 58 एटी 0957 है। बुधवार को गोरखपुर के बेलघाट से 5 बजकर 45 मिनट पर 32 सवारियों को बैठा कर बस का चालक राममिलन और कंडक्टर रहमत अली लखनऊ के लिए निकले। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग लखनऊ अयोध्या हाईवे पर थाना सफदरगंज की सीमा में रसौली प्रतापगंज स्थित टाटा मोटर्स के सामने अचानक से बस में शॉर्ट सर्किट होने लगा।
जिसके बाद जब तक चालक और यात्री बस से नीचे उतरते। तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते-देखते बस जलकर खाक हो गई। जिसमें सवार यात्री तो बच गए लेकिन इनमें से ज्यादातर यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया। बस में बैठे यात्रियों ने बस चालक पर आरोप लगाते हुए कहा कि बस में किसी भी तरह का कोई भी फायर यंत्र नहीं मौजूद था। यदि शॉर्ट सर्किट के बाद धुआं उठने पर फायर यंत्र का प्रयोग किया जाता तो शायद हमारा सामान और बस दोनों बच जाती। हादसे की सूचना पर तहसील रामसनेही घाट से एक दमकल गाड़ी और दो दमकल गाड़ियां जिला मुख्यालय से पहुंची। जिसपर बाद घंटों चली मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया गया। बचाव कार्य में लगे दमकल कर्मियों में एफएसएमओ पीसी गौतम, एफएसएसओ राममिलन प्रजापति, फायर कर्मी मुन्नूराम, सिद्धांत, हरिकेश कुमार व सुनील कुमार सहित वीरेंद्र कुमार शामिल रहे।
यह भी पढ़ें:- बाराबंकी: 245 ग्राम स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
