हल्द्वानी: नैनीताल दुग्ध संघ की एजीएम में 231.82 करोड़ का बजट पास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआं का 73वां वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन (एजीएम) पहली बार हल्द्वानी में संपन्न हुआ। जिसमें वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 231 करोड़ 82 लाख 76 हजार रुपये का बजट पास किया गया। अधिवेशन में जिले के समस्त दुग्ध उत्पादक व समिति पदाधिकारी मौजूद रहे।

बुधवार को कमलुवागांजा रोड स्थित एक बैंकट हॉल में हुए अधिवेशन का मुख्य अतिथि दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक कालाढुंगी बंशीधर भगत, दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश प्रवक्ता हेमंत द्विवेदी व जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर शुभारंभ किया।

इस अवसर पर दुग्ध उत्पादकों को संबोधित करते हुए मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देकर राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक कार्य किया। इसके साथ ही भूसा एवं पशु आहार में 50 से 75 प्रतिशत का अनुदान देकर किसानों को राहत पहुंचाने का पूरा प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि जल्द ही लालकुआं में 61 करोड़ 74 लाख की लागत से डेढ़ लाख लीटर दैनिक क्षमता का आधुनिक डेयरी प्लांट की स्थापना का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जिससे आंचल ब्रांड पूरे प्रदेश में अन्य ब्रांड को पछाड़ेगा। वहीं, दुग्ध विकास के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध करायी जायेगी। उन्होंने कहा कि सरकार दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को राहत देने का काम कर रही है। बताया कि उत्पादकों को प्रोत्साहन राशि देने के लिए इस वर्ष 22 करोड़ रुपये सरकार से बजट में मिले हैं। सरकार दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों के साथ खड़ी है।

विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि सरकार दुग्ध उत्पादकों को लाभ पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। ऐसे में उत्पादकों को भी सरकार के साथ खड़े रहना होगा। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ वर्तमान में पूरे प्रदेश का सबसे बड़ा दुग्ध संघ है। राज्य में 50 प्रतिशत से अधिक का उपार्जन नैनीताल दुग्ध संघ का है। साथ ही मार्केटिंग में भी 50 प्रतिशत से अधिक का विपणन किया जा रहा है।

बताया कि इस वर्ष दुग्ध संघ को एक करोड़ पांच लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है। जिसे सदन के पटल में पेश बजट में रखा गया है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्र में दुग्ध उपार्जन में 10 प्रतिशत की ग्रोथ हुई है, जो अपने आप में ऐतिहासिक है। कहा कि, जिले के करीब 29 हजार दुग्ध उत्पादकों को लाभ देने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के विभिन्न अनुभगों से कर्मचारियों व अधिकारियों अच्छे कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया गया।

ये भी रहे मौजूद
जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, रामनगर विधायक दिवान सिंह बिष्ट, निदेशक निबंध डेरी विकास संजय खेतवाल, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता हेमंत द्विवेदी, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, डिस्ट्रिक कोऑपरेटिवक बैंक उधमसिंह नगर अध्यक्ष गोपाल रावत, ब्लॉक प्रमुख धारी आशा रानी, भीमताल हरीश बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, अध्यक्ष दुग्ध संघ चंपावत पार्वती देवी, उपनिदेशक दुग्ध विकास संजय उपाध्याय, डीपी सिंह, पूर्व अध्यक्ष संजय सिंह किरौला, भरत नेगी, राजेंद्र सिंह बिष्ट, नंदन दुर्गापाल, कविराज धामी तथा वर्तमान संचालक मंडल सदस्य भगत सिंह कूमटिया, किशन सिंह बिष्ट, हेमा देवी, गीता दुमका, राजेंद्र प्रसाद, कृष्ण कुमार शर्मा, दीपा रैकवाल, महिमन सिंह चौहान, आनंद सिंह नेगी समेत हजारों दुग्ध उत्पादक सदस्य उपस्थित रहे। संचालन संजय सिंह भाकुनी, सुभाष बाबू ने किया।

मेहरा ने बनाया 32 एजीएम में भाग लेने का रिकॉर्ड
अधिवेशन के दौरान दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने वरिष्ठ सदस्य नरेंद्र सिंह मेहरा की सराहना की। कहा कि, मेहरा लगातार 32वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में शामिल रहे हैं, जो अपने आप एक रिकॉर्ड है। 

जनपद के 12 दुग्ध उत्पादक हुए सम्मानित
वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में नैनीताल दुग्ध संघ की ओर पर्वतीय तथा मैदानी क्षेत्रों के 12 महिला व पुरुष दुग्ध उत्पादकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जिसमें पर्वतीय क्षेत्र से महिला वर्ग में हेमा देवी, मीना देवी, तुलसी देवी, पुरुष वर्ग में पूरन चंद्र जोशी, कृपाल सिंह, लीलाधर तथा मैदानी क्षेत्र से महिला वर्ग में दीपा जोशी, हिमानी बिष्ट, दीपा देवी व पुरुष वर्ग में नीरज सागर टम्टा, कृपाल सिंह, महेंद्र सिंह को पुरस्कृत किया गया। क्रमश: प्रथम उत्पादक को 10 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह दिया गया। जबकि द्वितीय उत्पादक को 7 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं तृतीय उत्पादक को 5 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह दिया गया। 

दुग्ध प्रोत्साहन राशि न बढ़ाने पर उत्पादक हुए नाराज
हल्द्वानी, नैनीताल दुग्ध संघ के वार्षिक अधिवेशन में उत्पादकों और दुग्ध समिति प्रतिनिधियों ने प्रोत्साहन राशि न बढ़ाये जाने पर कड़ा रोष प्रकट किया। उन्होंने मंचासीन अतिथियों के सामने अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन किसी ने भी उनकी समस्या नहीं सुनी।

अधिवेशन में पहुंचे भुवन चंद्र जोशी ने कहा कि पूर्व में मंत्री रेखा आर्या ने प्रोत्साहन राशि 4 रुपये से बढ़ाकर 5 रुपये करने की घोषणा की थी, जो अभी तक नहीं बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि लालकुआं दुग्ध संघ प्रतिनिधियों की आवाज दबाना चाहता है। जनता की सुनने वाला कोई नहीं है। कोटाबाग समिति के पदाधिकारी देवेंद्र सिंह बोरा ने कहा कि एजीएम में आए उत्पादकों की बात नहीं सुनी गई और न ही उन्हें अपनी बात रखने का मौका दिया गया।

उन्होंने कहा कि दुग्ध प्रोत्साहन राशि बढ़ाने पर कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। सरकार जुमलेबाजी कर घोषणा कर रही है। सरकार और प्रशासन की कूट नीतियों के कारण भूसे के दाम बढ़ते जा रहे हैं। इससे पशुपालकों का गौवंश पालना मुश्किल हो रहा है।

संबंधित समाचार