अयोध्या: आकर्षक होगा रामपथ, जगह-जगह होंगे बेंच व चार्जिंग प्वाइंट, मंडलायुक्त ने अफसरों के साथ किया मंथन
अमृत विचार, अयोध्या। अयोध्या के रामपथ को भव्य स्वरूप देने की कवायद और मन्थनों का दौर लगातार जारी है। अब एक नई बात निकलकर सामने आ रही कि रामपथ पर लगने वाली स्ट्रीट लाइट बेहद आकर्षक होंगी। यही नहीं पोल में स्पीकर भी लगे रहेंगे। मण्डलायुक्त गौरव दयाल ने जिलाधिकारी नितीश कुमार व नगर आयुक्त विशाल सिंह सहित अन्य आलाधिकारियों के साथ रामपथ के सुदृढ़ीकरण के पश्चात किनारे स्थित भवन व दुकानों आदि में कॉमन बिल्डिंग कोड लागू करने के सम्बन्ध में गहन चर्चा की।
मण्डलायुक्त ने कहा कि रामपथ के किनारे जो भी स्ट्रीट लाइट के पोल हों उनकी डिजाइनिंग करायी जाये तथा उन पोलों में इनबिल्ड स्पीकर का प्रावधान हो और ऐसे ही पोल अयोध्या की गलियों में लगाये जायें। उन्होंने कहा कि रामपथ पर फुटपाथ के किनारे श्रद्वालुओं के बैठने के लिए पत्थर की आकर्षक बेंचे लगायी जायें, जिनमें चार्जिंग प्वाइंट की भी व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि रामपथ के किनारे उच्च स्तरीय सुलभ शौचालय बनाये जायें। बोलार्ड और डस्टबिन की भी डिजाइनिंग कराकर पथ के किनारे लगाए जायें।
मण्डलायुक्त ने कहा कि रामपथ के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के पश्चात पथ के किनारे निर्माण कार्य कैसा होगा, दीवारें किस तरह से किस डिजाइन में बनेंगी तथा उनकी डिजाइनिंग कैसी होगी इसका निर्धारण कर इसको लागू करायें, जिस पर अयोध्या विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की ओर से अवगत कराया गया कि सभी दुकानें, भवनों आदि की डिजाइनिंग का निर्धारण कर लिया गया है। इसके साथ ही वह किस रंग से रंगी जायेगी इसका भी निर्धारण कर लिया गया है। बैठक में सम्बन्धित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-बहराइच में दर्दनाक हादसा: कार की टक्कर से बाइक सवार छात्र की मौत, एक घायल
