बहराइच: ब्लॉक प्रमुख को मेडिकल कॉलेज में नहीं लगा इंजेक्शन, डीएम और विधायक पहुंचे तो ड्यूटी स्टॉफ हुआ फरार
अमृत विचार, बहराइच। भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह की ब्लॉक प्रमुख भाभी को देर रात हार्ट अटैक पड़ गया। जिस पर उन्हें मेडिकल कॉलेज से संबद्ध महर्षि बालार्क जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। लेकिन बीमार ब्लॉक प्रमुख को एक घंटे तक कोई इलाज करने नहीं पहुंचा। इतना ही नहीं रात में अज्ञात लोग मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी करते मिले।
इस पर बृहस्पति वार को विधायक के साथ जिलाधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए। विधायक ने पूरी व्यथा सीएमएस को बताई। रात में ड्यूटी करने वाले अज्ञात पांच लोग अस्पताल नहीं पहुंचे हैं। विधायक ने एक फर्जी डॉक्टर पर मरीज को देखने और रेफर करने का भी आरोप लगाया है। डीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जिले के महसी विधान सभा से भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह की भाभी कृष्णावती सिंह ब्लॉक प्रमुख हैं। बुधवार रात को ब्लॉक प्रमुख को दिल का दौरा पड़ गया। जिस पर विधायक ने अपने वाहन से भाभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। यहां पर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर उपेंद्र वर्मा उस समय मौजूद नहीं थे।
जबकि पांच अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। लेकिन वह बीमार ब्लॉक प्रमुख को इंजेक्शन लगाने में भी अक्षम थे। इसकी सूचना विधायक को परिवार के लोगों ने दी। किसी तरह रात कटी। इसके बाद बृहस्पतिवार को विधायक ने जिलाधिकारी डॉक्टर दिनेश चंद्र से पूरे मामले को अवगत कराया।
8.jpg)
विधायक और जिलाधिकारी के साथ सीएमओ डा सतीश सिंह मेडिकल कालेज से संबद्ध जिला अस्पताल पहुंचे। विधायक ने पूरी बात रखते हुए अस्पताल के व्यवस्था पर नाराजगी जताई। विधायक का कहना है कि रात में डॉक्टर उपेंद्र नहीं थे तो पांच स्वास्थ्य कर्मी कौन थे जो इंजेक्शन भी नहीं लगा पाए। अगर कुछ हो जाता तो इसका जिम्मेदार कौन था।
सीएमएस डॉ ओपी चौधरी ने रात में ड्यूटी करने वाले सभी पांच स्वास्थ्य कर्मियों को बुलाया। लेकिन कोई भी स्वास्थ्य कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। जबकि दोपहर के डेढ़ बज गए। ऐसे में उनके फर्जी होने की बात को बल रहा है। डीएम ने पूरे मामले की जांच के निर्देश सीएमएस को दिए हैं। जांच रिपोर्ट भी दो दिन में तलब की है।
पैंटोप इंजेक्शन भी नहीं
विधायक सुरेश्वर सिंह ने कहा कि सरकार करोड़ों रुपए बजट दवा खरीद पर खर्च करती है। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर केके वर्मा, डॉक्टर आशीष अग्रवाल और एक अन्य मिलकर अभी दवा की खरीद कर रहे हैं, लेकिन अस्पताल में एक पैंटॉप इंजेक्शन भी नहीं है। जिसकी जरूरत सभी को है।
डॉक्टर आबिद बना रहा रेफर
विधायक ने डीएम और सीएमएस को बताया कि रात में कोई फर्जी डॉक्टर आबिद मरीजों का इलाज और रेफरल बना रहा था। जिसके साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं। ऐसे में इसकी जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाए।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा का हुआ शुभारंभ, स्वागत कर रहे कांग्रेसी
