32 देशों की फिल्मों के प्रदर्शन और बॉलीवुड सितारों से रांची में सजेगा पांचवां JIFFA
रांची। झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल (जिफ्फा) और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय परिसर, मोरहाबादी, रांची में 17 और 18 दिसंबर को 5 वां झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2022 जिफ़्फा आयोजित किया जाएगा।
ये भी पढ़ें:-लंब में कियारा आडवाणी के साथ काम करेंगे मोहित रैना
जिफ्फा के कार्यकारी अध्यक्ष सह प्रवक्ता सुनील सिंह बादल, संयोजक विनय मेहता,सह संयोजक पंकज कुमार और समन्वयक सुजीत उपाध्याय ने आज यहां संवाददाताओं को संयुक्त रूप से यह जानकारी दी । इस मौके पर सेलिब्रेटी मैनेजमेंट के प्रमुख डॉ आरिफ नासिर बट और सात्विक आनंद भी मौजूद थे।
बादल ने बताया कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय परिसर, मोरहाबादी, रांची में 17 दिसंबर को 5 वां झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2022 का भव्य उद्घाटन यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में सुबह 11.30 बजे झारखंड के कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री हफीजुल हसन करेंगे।
झारखंड सरकार के मंत्री मिथिलेश ठाकुर तथा बन्ना गुप्ता मुख्य अतिथि होंगे। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो तपन कुमार शांडिल्य तथा अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति में भारत सहित 32 देशों से आई 134 फिल्मों में से चयनित 53 फिल्मों को 225 दर्शकों की क्षमता वाले विश्वविद्यालय के हॉल में 5 एलईडी स्क्रीन के माध्यम से निशुल्क प्रदर्शित किया जाएगा।
17 दिसंबर की संध्या प्रसिद्ध लोककलाकार भिखारी ठाकुर के जन्मदिवस के अवसर पर रूपांतर नाट्य मंच, गोरखपुर की ओर से भिखारी ठाकुर पर केंद्रित सुनील जायसवाल निर्देशित नाटक कहन भिखारी का मंचन होगा। 15 लघु और डॉक्युमेंटरी फिल्मों के अलावा नागपुरी, खोरठा और झारखंड की संथाली भाषा की फ़िल्में भी दोनों दिन शो केस होंगी। इसमें स्कूलों से छात्रों को भेजने का भी अनुरोध किया गया है।
पूर्व की भांति भारत सरकार के सौजन्य से प्राप्त बच्चों की 6 फिल्मों की विशेष रूप से स्क्रीनिंग शेड्यूल कार्यक्रम स्थल पर रखा जाएगा। झारखंड के कलाकारों के साथ झारखंडी व्यंजनों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रियता बढ़ाने के लिए झारखंड फूड स्टॉल और झारखंड लोक नृत्य की प्रस्तुति भी होगी।
ये भी पढ़ें:- अब नहीं बनेंगी Superman Series की फिल्में! हॉलीवुड अभिनेता Henry Cavill ने दिया संकेत
