मंडलीय विज्ञान प्रदर्शनी: 22 में चार मॉडल चयनित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मण्डल स्तर पर चयनित मॉडलों को जनवरी में राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में किया जाएगा प्रस्तुत

अमृत विचार, अयोध्या। समग्र शिक्षा अभियान के तहत राजकीय इण्टर कॉलेज में गुरुवार को मण्डल स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी- 2022 का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में जनपद के विभिन्न माध्यमिक स्तरीय विद्यालयों के छात्र—छात्राओं ने अपने—अपने विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किये। जूनियर व सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत किये गये 22 मॉडलों में दो—दो मॉडल चयनित किये गये। माडल्स को चयन किये जाने के लिए जिलाधिकारी की ओर से नियुक्त डॉ. ओमप्रकाश यादव, डॉ.मनीष कुमार सिंह व ज्ञानेन्द्र सिंह निर्णायक रहे। निर्णायकों ने गहनता के साथ मॉडलों को देखा। इसमें चार सर्वश्रेष्ठ मॉडलों का चयन किया गया। 

सीनियर वर्ग से प्रथम स्थान बीपी शुक्ल इण्टर कालेज तिलोकपुर बाराबंकी व जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान के लिये सनबीम स्कूल सुलतानपुर के छात्र अभिनव सिंह का मॉडल चयनित किया गया। इसके अलावा सीनियर वर्ग में द्वितीय स्थान पर दीपक तथा मोहम्मद आशिक का मॉडल चयनित किया गया। जूनियर वर्ग में द्वितीय स्थान पर रामसेवक इन्टर कालेज रुदौली, अयोध्या के छात्र आदर्श प्रजापति व शिवेन्द्र सिंह के मॉडल्स का चयन किया गया। जूनियर वर्ग में द्वितीय स्थान पर लाल बहादुर शास्त्री इण्टर कालेज दरियाबाद, बाराबंकी के अनुज कुमार एवं  संध्या कुमारी की ओर से प्रस्तुत मॉडल्स का चयन किया गया। इन दोनो छात्रों का मॉडल हेल्मेट पर आधारित रहा। 

मण्डल स्तर पर चयनित मॉडल्स का प्रदर्शन राज्य स्तर पर जनवरी- 2023 में किया जाएगा। इसके पहले संयुक्त शिक्षा निदेशक अरविंद पाण्डेय ने मंडल स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। मण्डलीय विज्ञान प्रदर्शनी के नोडल अधिकारी डॉ. बसन्त कुमार की देख-रेख में आयोजित कार्यक्रम में डॉ.अरुणेश कुमार पाण्डेय ने विशेष सहयोग किया। इस अवसर पर जीआईसी के उप-प्रधाना‌चार्य राम निहौर, अमित कुमार, अनिल शर्मा, ममता वर्मा, वरुण त्रिपाठी व अनिल वर्मा ने भी सहयोग किया।

ये भी पढ़ें - सुल्तानपुर: जगतगुरु ने पोस्टर जलाकर फिल्म पठान का जताया विरोध

संबंधित समाचार