बरेली: कार ड्राइविंग टेस्ट देने पहुंचे सभी 25 लोग फेल
बरेली, अमृत विचार। परसाखेड़ा ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर गुरुवार को कार चलाने का टेस्ट देने पहुंचे सभी आवेदक फेल हो गए। सेंसर युक्त और हाईटेक ट्रैक पर चार पहिया वाहन का टेस्ट देना आवेदकों के लिए मुसीबत बना हुआ है। हालांकि बाइक के टेस्ट में आवेदक रोज पास हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: दांतों के इलाज के अध्ययन के लिए जरूरी है सटीक और साफ फोटोग्राफी
परसाखेड़ा स्थित ऑटोमेटिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर पैसे लेकर पास करने के आरोप लगने के बाद ट्रैक पर अब सावधानी बरती जा रही है। पिछले दिनों तकनीकी खामी के चलते ट्रैक पर टेस्ट नहीं हो सके थे। अब सेंसर सही करने के बाद फिर से टेस्ट आरंभ हो गए है। गुरुवार को ट्रैक पर कार के लिए 25 आवेदक टेस्ट देने के लिए पहुंचे, लेकिन सभी आवेदक ट्रैक पर फेल हो गए।
वहीं बाइक के लिए कुल 65 आवेदक टेस्ट देने के लिए पहुंचे। जिसमें से 40 आवेदकों ने टेस्ट पास कर लिया, जबकि 25 टेस्ट में फेल हो गए। प्रोजेक्ट मैनेजर मोहित चतुर्वेदी ने बताया ऑटोमेटिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर पारदर्शी व्यवस्था, केवल दक्ष चालक का ही ड्राइविंग लाइसेंस बन सके इसके लिए बनाए गए ट्रैक पर कुल 250 सेंसर व सीसीटीवी कैमरों को लगाया गया है। शिकायत के बाद अब ट्रैक पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
ये भी पढ़ें- बरेली: ग्राम समाज की जमीन को लेकर जमकर चले लाठी-डंडे, युवक की मौत
