बांग्लादेश को मिल रहा है LDC को लाभ : पीयूष गोयल
नई दिल्ली। उद्योग एवं वाणिज्य तथा कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने आज राज्यसभा में कहा कि गत कुछ वर्षों में कपड़ा उद्योग के क्षेत्र में बांग्लादेश और वियतनाम ने काफी बढ़त की है क्योंकि बंगलादेश को अल्प विकसित देश (एलडीसी) की श्रेणी में होने का और वियतनाम को यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार संधि का लाभ मिल रहा है।
ये भी पढ़ें- एमएसपी गांरटी को लेकर कृषि विशेषज्ञों की ही समिति काम कर रही है: मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर
गोयल ने आज प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न के उत्तर में यह बात कही। इस पूरक प्रश्न का उत्तर कपड़ा राज्य मंत्री दर्शना विक्रम जरदोश दे रही थी लेकिन उनके उत्तर पूर्ण करने के बाद गोयल ने कहा कि इस मुद्दे पर वह विस्तृत जानकारी देना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश को एलडीसी होने के कारण शुल्क मुक्त निर्यात करने का लाभ मिल रहा है और 2026 तक बांग्लादेश एलडीसी की सूची में है। वियतनाम को यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार संधि है जिसके कारण पूरे यूरोप में वह शुल्क मुक्त निर्यात का लाभ उठा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में मुक्त व्यापार संधि नहीं करने के कारण भारत इस क्षेत्र में पिछड़ गया है।
गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल के बाद संयुक्त अरब अमीरात के साथ मुक्त व्यापार संधि हो गयी है और यह एक मई 2022 से प्रभावी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया के साथ भी यह संधि हो गयी जो 29 दिसंबर 2022 से प्रभावी होने जा रही है। इसके साथ ही खाड़ी के छह प्रमुख देशों के साथ ही कनाडा, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के साथ ही मुक्त व्यापार संधि को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन देशों के साथ संधि होने के बाद भारतीय निर्यात को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया भर के दे विश्वसनीय साझेदार के तौर पर देख रहे हैं जिससे भी कपड़ा क्षेत्र को लाभ हो रहा है। इसके साथ ही कृषि मंत्रालय भी इस दिशा में काम कर रहा है और निर्यात बढ़ाने में मदद कर रहा है। इससे पहले जरदोश ने कहा कि उत्पादन लिंक्ड प्रोत्साहन योजना के तहत देश में वस्त्र निर्यात को बढ़ावा दिया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- ट्रेनों के परिचालन के लिए निजी संचालकों की सेवाएं लेने का विचार नहीं : केंद्र सरकार
