एक ही नस्ल के हैं बिलावल भुट्टो और राहुल गांधी :बृजभूषण
बीजेपी सांसद ने पाकिस्तानी विदेश मंत्री से की राहुल गांधी की तुलना
गोंडा, अमृत विचार। अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले बीजेपी के केैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एक बार फिर से राहुल गांधी पर बड़ा हमला किया है। बृजभूषण ने राहुल गांधी की तुलना बिलावल भुट्टो से करते हुए कहा कि दोनों एक ही नस्ल के हैं। चीन के तवांग मामले को लेकर दिए गए राहुल गांधी के बयान की बीजेपी सांसद ने कड़ी आलोचना की है।
बीजेपी सांसद रविवार को प्रतिभा खोज परीक्षा के आयोजन के दौरान रघुकुल विद्यापीठ में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। तवांग को लेकर राहुल गांधी द्वारा दिये गए बयान पर सांसद बृज भूषण ने कहा कि कुछ सवाल ऐसे हैं जिस पर राजनेताओं को नहीं बोलना चाहिए। जो सरकार का स्टैंड हो और जो सेना का स्टैंड हो हमें उसी के अनुरूप बोलना चाहिए। यह बड़ी दुखद बात है कि राहुल गांधी हो या केजरीवाल हो। कोरोना की दवाई पर अखिलेश भी सवाल उठा गए। इन लोगों को यह सोचना चाहिए कि इससे हमारी सेना का मनोबल गिरता है। दूसरा कोई हमारे ऊपर प्रश्नचिन्ह लगाए इसके पहले हम ही प्रश्नचिन्ह लगा देते हैं।
सांसद ने कहा आज इनके बयान की चर्चा यहां कम होती है पाकिस्तान में ज्यादा होती है। चाइना में ज्यादा होती है। तो कहीं न कहीं जाने अनजाने ये देश का नुकसान कर रहे और विरोधियों की मदद कर रहे हैं। राहुल गांधी के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए सांसद बृजभूषण ने कहा कि जब आप अपनी सेना के ऊपर सवाल उठाएंगे, अपने दवाई के ऊपर सवाल उठाएंगे, तो जो लोग आपसे नफरत रखते हैं, आपके साथ नहीं है, उनमें प्रसन्नता तो होगी ही, पाकिस्तान में भी होगी।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर पलटवार करते हुए सांसद ने राहुल गांधी और बिलावल भुट्टो को एक ही नस्ल का बता डाला। सांसद ने कहा कि दो तीन लड़के जो हमको दिखाई दे रहे हैं, बिलावल भुट्टो हैं, राहुल गांधी है, यह सब एक जोड़ी लगती है इनकी। यह सब नस्ल के हैं, पता नहीं कैसे इधर-उधर हो गए, इनकी एक ही भाषा है। पठान फिल्म में दीपका पादुकोण की बिकिनी को लेकर उठे विवाद पर भी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने आपत्ति जताई। सांसद ने कहा कि मैंने उस चित्र को देखा है और वह हमें भी अच्छा नहीं लगा। जिस तरीके से उसको फिल्माया गया है वह तरीका अच्छा नहीं है। सांसद ने कहा कि जानबूझकर भगवा रंग को अपमानित करने के लिए यह काम किया गया है। हो सकता है संयोग हो लेकिन ऐसा संयोग क्यों आता है। क्या उस दृश्य को हम अपनी मां-बहन के साथ बैठकर देख सकते हैं। क्या हमारे सामने हमारी बेटी उस दृश्य को देख सकती है। कुल मिलाकर यह घोर आपत्तिजनक है।
ये भी पढ़ें -हरदोई: सांसद के सामने लिया अपराध न करने संकल्प
