अमरोहा विधायक के परिजनों पर शिकंजा कसने की तैयारी, जानें पूरा मामला
अमरोहा, अमृत विचार। प्रदेश सरकार शहर विधायक महबूब अली के परिजनों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है। विधायक के परिजनों के नाम दर्ज शस्त्र लाइसेंसों को लेकर कार्रवाई की जा सकती है। महबूब अली के दोनों बेटों और पुत्रवधु पर अपहरण कराकर बंधक बनाने, धमकाने व सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने का दर्ज मामला भी खंगाला जा रहा है। पुलिस इसमें विवेचना कर रही है।। बताया जा रहा है कि पुलिस महबूब अली के परिवारजनों के शस्त्र लाइसेंसों को लेकर रिपोर्ट तैयार कर रही है।
ये भी पढ़ें- अमरोहा: पूर्व प्रधान की कार में तोड़फोड़, 50,000 रुपये लूटने का आरोप
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सराय निवासी शाहनवाज ने छह नवंबर को जिलाधिकारी बीके त्रिपाठी को सदर विधायक और उनके परिजनों के खिलाफ शिकायती पत्र सौंपा था। आरोप था कि विधायक महबूब अली के बेटे एवं पूर्व एमएलसी परवेज अली, पुत्रवधू निलोफर व छोटे बेटे शाहनवाज अली तीन जगह अपने वोट का प्रयोग कर रहे हैं। मतदाता सूची में फर्जी तरीके से अपने नाम दर्ज करा रखा है।
जांच में इसकी पुष्टि हुई तो प्रशासन ने शहर के वार्ड दो व नौ की मतदाता सूची से विधायक के परिजनों के नाम काट दिए। इसके बाद पूर्व एमएलसी परवेज अली के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए डीएम ने शहर में मतदाता बनाने की उनकी मांग भी खारिज कर दी थी। इस मामले के बाद शिकायतकर्ता को धमकी मिली थी।
जिसके बाद उसने एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि तीन दिसंबर को सपा विधायक महबूब अली व पूर्व एमएलसी परवेज अली के समर्थक फरमान अली निवासी मोहल्ला इकरार नगर व लईक मलिक निवासी मोहल्ला लकड़ा घर में घुस आए। हथियारों से डरा धमकाकर अपहरण कर लिया और सादे कागज पर उसके हस्ताक्षर कराए।
आरोप है कि विधायक के बेटे एवं पूर्व एमएलसी परवेज अली व छोटे बेटे शाहनवाज अली ने तमंचे के बल पर जेब में रखे कागजात और दो हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने विधायक के दोनों बेटों व पुत्रवधू समेत दो समर्थकों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। नगर कोतवाली पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
बताया जा रहा है कि पुलिस अब आरोपियों के नाम दर्ज शस्त्र लाइसेंस की कुंडली खंगाल रही है। जल्द ही इसकी रिपोर्ट तैयार कर डीएम को सौंपी जाएगी। प्रभारी निरीक्षक हरीशवर्धन सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना चल रही है। विवेचना पूरी होने के बाद चार्जशीट दाखिल होती है तो शस्त्र की रिपोर्ट भी बनाकर प्रशासन को दी जाएगी।
ये भी पढ़ें- मंडलायुक्त ने किया नवनिर्मित भवन एवं कान्हा गोशाला का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए गायों की विशेष देखभाल के निर्देश
