सुल्तानपुर: मॉर्निंग वॉक पर निकले संग्रह अमीन की सड़क दुर्घटना में मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लंभुआ, सुल्तानपुर। मॉर्निंग वॉक पर निकले तहसील में तैनात संग्रह अमीन की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। वहीं घटना स्थल पर ही बाइक सवार युवक अपनी मौसी के साथ सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क दुर्घटना मान रही है, वहीं कुछ लोग दबी जुबान सदिग्धतता जाहिर कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के सेमरी राजापुर निवासी नरेंद्र बहादुर सिंह (45) पुत्र स्व. काशी प्रसाद सिंह प्रतिदिन की तरह सोमवार की सुबह घर से मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। वह तहसील में संग्रह अमीन के पद पर तैनात थे। मॉर्निंग वॉक करते समय सुबह धोपाप मार्ग पर फुटहवा बाबा पुल के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए।

आसपास के लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने संग्रह अमीन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया और प्रारंभिक जांच शुरू की। मौत की सूचना मिलते ही घर पर रोना पीटना मच गया और काफी संख्या में शुभचिंतक अस्पताल पहुंच गए। 

Image Amrit Vichar(4)

वहीं, घटनास्थल पर मानपुर निवासी कपिल (28), दोमुंहा कोतवाली देहात निवासी अपनी मौसी इतवारी (45) को बाइक से घर से लेकर जा रहा था। दोनों घायल अवस्था में सड़क के किनारे पाए गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। 

घटनास्थल पर पहुंची एसडीएम लंभुआ 
संग्रह अमीन की मौत की सूचना पाते ही एसडीएम वंदना पांडेय, तहसीलदार अरविंद कुमार मिश्रा भी अस्पताल पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त किए। कोतवाली प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना से हुई मौत का मामला लग रहा है। परिजनों ने भी दुर्घटना होने की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। कई पहलुओं पर मामले की जांच पुलिस कर रही है।

यह भी पढ़ें;-Chitrakoot: सपा के पूर्व विधायक वीर सिंह गए सलाखों के पीछे, वारंट होने के बाद भी कोर्ट में नहीं हुए थे उपस्थित

संबंधित समाचार