रुद्रपुर: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव में बिके 80 नामांकन पत्र
रुद्रपुर, अमृत विचार। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की अधिसूचना जारी होने के बाद छात्र संघ चुनाव के 80 दावेदारों ने अपने नामांकन पत्र खरीदे। इसमें सबसे ज्यादा अध्यक्ष पद पर नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इसी के साथ कॉलेज चुनाव संचालन समिति ने 24 दिसंबर को मतदान प्रक्रिया की तैयारी भी तेज कर दी है।
बताते चलें कि कुमाऊं विवि प्रशासन की हरी झंडी मिलने के बाद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्र संघ चुनाव की 24 दिसंबर को मतदान की तिथि भी घोषित हो चुकी है। इसके साथ ही कॉलेज प्रशासन की चुनाव संचालन समिति ने सोमवार को अधिसूचना जारी कर चुनाव संबंधी सूची को चस्पा कर कॉलेज में आचार संहिता को लागू कर दिया था।
मंगलवार की सुबह से ही नामांकन पत्रों को खरीदने वाले दावेदारों की आवाजाही देखने को मिली। जिसमें सबसे ज्यादा अध्यक्ष पद पर 12 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. सर्वजीत सिंह और सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मंगलवार को नामांकन पत्र काउंटर से 80 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। जिसमें अध्यक्ष पद पर 12, उपाध्यक्ष पर आठ, उपाध्यक्षा छात्रा पर छह, सचिव पर दस, उपसचिव पर दस, कोषाध्यक्ष पद पर सात, सांस्कृतिक सचिव पद पर आठ, विवि प्रतिनिधि पर पांच, कला संकाय प्रतिनिधि पद पर छह, विज्ञान प्रतिनिधि पद पर चार और वाणिज्य प्रतिनिधि पद पर चार नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
बताया कि बुधवार से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। जिसको लेकर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के आधार पर ही नामांकन पत्रों को दाखिल किया जाएगा
