बरेली: बकरीद कल, घरों में अदा होगी नमाज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। ईद उल अजहा (बकरीद) शनिवार को मनायी जाएगी। बकरीद के मौके पर मस्जिदों में नमाज चंद लोग ही अदा करेंगे। बाकी के लोग अपने घरों में रहकर ही चाशत की नमाज अदा करेंगे। ईद उल अजहा मनाने को लेकर उलमा ने त्योहार को सादगी के साथ मनाने व घरों में ही रहकर नमाज …

बरेली,अमृत विचार। ईद उल अजहा (बकरीद) शनिवार को मनायी जाएगी। बकरीद के मौके पर मस्जिदों में नमाज चंद लोग ही अदा करेंगे। बाकी के लोग अपने घरों में रहकर ही चाशत की नमाज अदा करेंगे। ईद उल अजहा मनाने को लेकर उलमा ने त्योहार को सादगी के साथ मनाने व घरों में ही रहकर नमाज अदा करने की अपील की है।

मुस्लिम क्षेत्रों में ईद उल अजहा की रौनक इस बार फीकी है। जबकि ईद से पहले काफी चहल पहल रहती थी। मगर इस बार लाकडाउन की वजह से मुस्लिम इलाकों में सन्नाटा पसरा नजर आएगा। ईदगाह और मस्जिदों में ईद की नमाज के लिए न लंबी सफे होंगी और न ही बच्चों को लुभाने के लिए छोटे-छोटे मेले लगेंगे। उलमा ने भी कहा है कि देश में कोरोना वायरस बढ़ता जा रहा है। ऐसे में यह जरूरी है कि ईद के समय में एहतियात बरती जाए।

मोहब्बत व आपसी भाईचारे का त्यौहार है ईद उल अजहा: सुब्हानी मियां
दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) ने सभी लोगों को ईद उल अजहा की मुबारकबाद देते हुए कहा कि ईद आपसी भाईचारे और खुशियों का त्यौहार है। ये त्यौहार हमें इस बात की भी सीख देता है कि हम अपने रब की रजामंदी और खुशनूदी के लिए अल्लाह की राह में सब कुछ क़ुर्बान कर दें। नमाज के बाद सभी लोग दुनिया से कोरोना वायरस के खात्मे की दुआ करें।

दरगाह से जुड़े नासिर कुरैशी ने बताया कि ईद उल अजहा के मौके पर सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) ने भी आलमे इस्लाम को मुबारकबाद देते हुए कहा कि ईद उल अजहा मजहबी त्यौहार के साथ ही इंसानियत का भी त्यौहार है। कुर्बानी करते समय साफ-सफाई का खास ख्याल रखें। ईद-उल-अजहा की नमाज दरगाह पर उतने ही लोग अदा करेंगे, जितने लोगों को शासन की तरफ से इजाजत मिली है। बाकी लोग अपने अपने घरों में रहकर चाशत की नमाज अदा करें। जिस मुसलमान पर कुर्बानी वाजिब है वो लोग शहर में ईद उल अजहा की नमाज अदा हो जाने के बाद कुर्बानी कर सकते हैं। देहात में लोग नमाज ए फज्र के बाद कुर्बानी कर सकते हैं। कुर्बानी का सिलिसला आज से लेकर तीन दिन तक चलेगा।

संबंधित समाचार