रुड़की: पति की दूसरी शादी रुकवाने गई महिला से मारपीट, केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुड़की, अमृत विचार। क्षेत्र की रहने वाली एक महिला को पता चला कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है। यह खबर सुनने के बाद दो दिन पहले महिला बातचीत करने के लिए ससुराल पहुंची। लेकिन यहां ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कर ससुराल वालों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।

महिला ने आरोप लगाया है कि देवर ने उसके साथ अभद्रता करते हुए पिस्टल तान दी और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी धमकी देकर फरार हो गया। महिला ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। 

सहारनपुर निवासी महिला ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर में बताया कि उसकी शादी मंगलौर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। पति और ससुराल के लोगों से विवाद के चलते वह काफी समय से सहारनपुर स्थित अपने मायके में रह रही थी। इसी बीच महिला को जानकारी मिली कि उसका पति ने दूसरी शादी कर ली है। यह जानकारी मिलने के बाद दो दिन पहले महिला बातचीत करने के ससुराल पहुंची। लेकिन आरोप है कि यहां ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया।

जिसके बाद मंगलवार को वह सहारनपुर लौट रही थी कि इसी दौरान रास्ते में पनियाला रोड पर देवर ने उसे रोक लिया। आरोप है कि सुनसान जगह पर ले जाकर देवर ने महिला के साथ अभद्रता करते हुए उस पर पिस्टल तान दिया और इसके बाद दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर पिटाई करते हुए धमकी देकर फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक एश्वर्य पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार