गदरपुर की मुस्कान चावला 25 को संसद में देंगी भाषण
गदरपुर, अमृत विचार। नगर की सामाजिक शैक्षिक संस्थाओं के अलावा खेल स्पर्धाओं तथा भाषण प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली मुस्कान चावला 25 दिसंबर को लोकसभा में पं.मदन मोहन मालवीय की जयंती पर उनकी विचारधारा एवं जीवनी पर आधारित भाषण देकर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।
मुस्कान चावला ने बताया कि लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कैबिनेट मंत्रियों, अधिकारियों की उपस्थिति में भाषण देंगी। उन्होंने बताया कि पं.मदन मोहन मालवीय की जीवनी एवं विचारधारा पर आधारित उनके भाषण को देश के 25 राज्यों से 8 राज्यों के चुनाव के दौरान निर्णय लिया गया।
मुस्कान ने भगत सिंह डिग्री कॉलेज रुद्रपुर से शिक्षा ग्रहण करने के साथ अनेकों सामाजिक खेल प्रतियोगिताओं, स्पर्धाओं, भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया था। उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया स्पेशल जूरी भाषण के लिए उन्हें चयनित कर भाषण का मौका दिया गया था। जबकि राष्ट्रीय युवा भाषण में उन्होंने तीसरा स्थान प्राप्त किया था।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में नेहरू युवा क्लब की राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक पद पर मनोनीत है उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय पिता राजकुमार चावला, माता रेखा रानी चावला और गुरुजनों को दिया। मुस्कान चावला के संसद में संबोधन की सूचना मिलने पर क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से जुड़े लोगों ने बधाई दी है।
