मथुरा : गिरिराज पर्वत पर बने दाऊजी मंदिर में अराजक तत्वों ने की तोड़फोड़, अखिल भारत हिंदू महासभा बोला- तुरंत गिरफ्तारी हो
मथुरा, अमृत विचार। गिरिराज धाम गोवर्धन में शुक्रवार सुबह गिरिराज पर्वत पर बने श्री लुकलुक दाऊजी महाराज महाराज स्थली प्राचीन मंदिर में कुछ अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी। इसकी जानकारी जैसे ही स्थानीयलोगों को लगी तो उनमें आक्रोष फैल गया। देखते देखते मंदिर के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर सीओ गोवर्धन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया। इधर, अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने आठ दिन दोषियों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ये भी पढ़ें- मथुरा: वृंदावन में घटतौली करने वालों के खिलाफ चला चेकिंग अभियान
गोवर्धन गिरिराज पर्वत पर गांव आन्यौर में बने मंदिर में दाऊजी महाराज की शिला और भोलेनाथ के विग्रह को अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। गोवर्धन पर्वत पर बने दाऊजी मंदिर में गिरिराज जी की शिला में सिंह स्वरूप में बलदाऊ जी भी विराजमान हैं। इसके समीप शिला में भोलेनाथ गणेश जी हैं। शुक्रवार की सुबह इंद्रपूजा के सेवायत पवन मुखिया और भक्त मुकेश ठाकुर दर्शन करने पहुंचे तो बलभद्र, भोलेनाथ और गणेश जी के विग्रह पर तोड़फोड़ के निशान बने देखे। यह देख उनके पैरो तले जमीन खिसक गई।
थोड़ी ही देर में यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई। मन्दिर में तोड़फोड़ की खबर मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और दाऊजी महाराज के भक्त मंदिर पहुंच गए। सूचना मिलने पर सीओ गोवर्धन राममोहन शर्मा भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर किसी तरह लोगों के आक्रोश को शांत किया। उन्होंने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच के बाद जो दोषी होगी उसे कठोर सजा दिलवाई जाएगी।
— Amrit Vichar (@AmritVichar) December 23, 2022
इधर, अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा भी मंदिर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि गोवर्धन में मंदिरों का जो ठेका होता है सरकार उसमें लगभग एक करोड़ से ऊपर की रकम सरकारी रिसीवर को देती है। उसमें करोड़ों के बिल लगाकर एक साल का खर्चा दिखाया जाता है। क्या सरकार सीसीटीवी कैमरे नहीं लगा सकती। यदि मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगे होते और चौकीदार होता तो इस तरह का कृत्य न होता। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मंदिर रिसीवर द्वारा मंदिर के ऊपर खर्च किए जाने वाली धनराशि की जांच की मांग की है। साथ ही आठ दिन के अंदर दोषियों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ये भी पढ़ें- मथुरा: हाईवे पर ट्रैक्टर ट्राली पलटा, 20 घायल
