शाहजहांपुर: अब निकरा के स्कूल में लावारिस पशुओं को किया बंद, रिपोर्ट दर्ज
जैतीपुर और मिर्जापुर के बाद अब कांट के निकरा में किसान हुए लामबंद
शाहजहांपुर/कांट, अमृत विचार। जैतीपुर, मिर्जापुर और मदानपुर के बाद अब कांट क्षेत्र में आवारा पशुओं को स्कूल में बंद करने की घटना सामने आई है। गुस्साएं ग्रामीणों ने गांव के प्राथमिक विद्यालय में दर्जनों पशुओं को लाकर बंद कर दिया। घटना की सूचना पर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्कूल से जानवरों को बाहर निकाला। साथ ही एसडीएम के निर्देश पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: प्रेमी की मदद से पति का अपहरण करके हत्या करने का प्रयास, दोनों का किया चालान
यह चर्चित घटना कांट थाना क्षेत्र के निकरा गांव की है। गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह जब शिक्षक पहुंचे तो वहां का नाराज देख दंग गए। स्कूल परिसर में आवारा पशुओं का झुंड देख तत्काल पुलिस और विभागीय अफसरों को सूचना दी। सूचना पर नायब तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी व पुलिस टीम गांव में पहंची और तत्काल स्कूल से सभी पशुओं को बाहर निकाला। साथ ही ग्रामीणों को समझाया कि इस तरह की घटना को अंजाम न दें। उनकी समस्याओं का समधान जल्द ही करा दिया जाएगा। इधर, ग्रामीणों ने कहा कि काफी समय से आवारा पशुओं की समस्या से जूझ रहे है। दिन रात खेतों में बिताना पड़ता है। घर-परिवार से दूर खेतों में रहना पड़ता है। आवारा पशुओं की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए कई बार गुहार लगाई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
..तो यहां भी हो चुकी घटना
आवारा पशुओं की समस्या पूरे जिले में है, जिसकी वजह से किसान काफी परेशान है। दो दिन पहले जैतीपुर ब्लाक परिसर में किसानों ने आवारा पशुओं का झुड़ छोड़ दिया था। इसके बाद मिर्जापुर और मदानपुर में किसानों ने भी गांव के सरकारी स्कूलों में पशुओं को बंद कर दिया था। इस मामले में काफी संख्या में किसानों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है।
सरकारी स्कूल में जानवरों को बंद करने के मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस तरह की घटना बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिसने भी यह घटना की है, उकसी तलाश कराई जा रही है-सतीश चंद्रा, एसडीएम सदर।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: एमपी एमएलए कोर्ट में हाजिर हुए चिन्मयानंद, दाखिल की जमानत
