Kanpur News : हैलो अमृत विचार कार्यक्रम में डॉ. सुदीप चौहान बोले- नेचर से खिलवाड़ करने की कोई दवा नहीं
कानपुर में हैलो अमृत विचार कार्यक्रम में डॉ. सुदीप चौहान जुड़े है।
Kanpur News क्लासिकल होम्योपैथी के वरिष्ठ डॉक्टर सुदीप चौहान ने हैलो अमृत विचार में सवालों के जवाब दिये है। इस दौरान उन्होंने कहा कि नेचर से खिलवाड़ करने की कोई दवा नहीं है। होम्योपैथी दवा नुकसान नहीं करती यह भ्रांति है।
कानपुर, अमृत विचार। तकलीफ हो तो लोग फौरन दवाएं खाना चाहते हैं। होम्योपैथी की दवाएं नुकसान नहीं करती यह लोगों में भ्रांति है। बेवजह और डॉक्टर से पूछे बिना दवा खाते रहने से साइडइफेक्ट नहीं इसके बैड इफेक्ट होते हैं। छोटी बीमारी दबाने के चक्कर में हम बड़ी बीमारी की गिरफ्त में आ जाते हैं। शरीर को भी अपना काम करने देना चाहिये।
हर आदमी अपनी जीन का गुलाम है, और नेचर से खिलवाड़ करने की कोई दवा नहीं होती। यह कहना है क्लासिकल होम्योपैथी के वरिष्ठ डॉक्टर सुदीप चौहान का। हैलो अमृत विचार कार्यक्रम में उन्होंने मरीजों को दवा के साथ होम्योपैथी दवाओं से जुड़ी कई सटीक जानकारियां दी। पेश है सवाल जवाब…
• मेरे दिमाग में निगेटीविटी बहुत आती है, सुसाइड करने की इच्छा होती है, सिर में दर्द होता है।- सुभाष रावत, गोविंद नगर, कानपुर
आप डिप्रेशन के शिकार हैं। आपकी हिस्ट्री देखनी पड़ेगी। अपने आपको बिजी रखिये। अकेले बिलकुल न रहें समस्या बढ़ेगी। खेलकूद शुरू कर दें। पॉजिटिव लोगों से मिलनसार रहें।
• मेरे सिर में दर्द होता रहता है, अपने आप ठीक भी हो जाता है। एक महीनें से समस्या है। सुबह टहलने जाते हैं- ओमप्रकाश, चित्रकूट
आपको माइग्रेन नहीं है। सुबह टहलते समय ठंड लग गई होगी या आपको गैसिटिक की दिक्कत है। सुबह 9 बजे के बाद ही टहलने जायें।
• सर मेरे पेट में नाभी के पास दर्द होता है। एक डॉक्टर को दिखाया तो उन्होंने कहा कि किडनी में दिक्कत है।- राजेश कुमार, फतेहपुर
आपको किडनी में स्टोन हो सकता है, लेकिन पहले अल्ट्रासाउंड करायें। एक बार क्लीनिक में दिखा ले यह पूरी तरह से ठीक हो सकता है।
• जब मैं सुबह उठता हूं तो उल्टी होती है। ऐसा लगता है पूरा खाना बाहर आ जायेगा।- रतीश तिवारी, लालबंगला
गैस्ट्राइटिस है आपको, रात में सोने से पहले हल्का खाना लें, कोशिस करें तीन घंटे पहले ही खाना खा लें। बहार की चीजें खाने से परहेज करें।
• चर्म रोग की शिकायत लंबे समय से हैं। बहुत परेशान हूं। क्या होम्योपैथी से ठीक हो जायेगा- सत्यप्रकाश साहू, घंटाघर, कानपुर
बिलकुल ठीक हो जायेगा। होम्योपैथी में इसका अच्छा इलाज है। घबराने वाली कोई बात नहीं है। हो सकता है सोरायसिस हो आपको।
• मुझे चार साल से शुगर है। दवा से कंट्रोल नहीं हो पाया है। साढ़े चार सौ तक पहुंच चुकी है। क्या करूं- कमल मिश्रा, परमट कानपुर
दवा लेनी पड़ेगी और दिनचर्या के साथ ही टहलना शुरू कर दीजिये। खान-पान भी ठीक कर लीजिये। प्रॉपर ट्रीटमेंट लें, ठीक हो जायेगा।
• मेरी माता की को जोड़ों में दर्द रहता है। ठंड में बढ़ जाता है। 60 साल उम्र है।- सुरेश कुमार, हमीरपुर
अर्थराइटिस की समस्या है। एज के साथ यह समस्या बढ़ती है। धूप में बैठायें और दूध पिलायें। ध्यान रखें कि खाने में कैल्शियम का ध्यान रखें।
• मुझे एलर्जी का दिक्कत है। जुकाम रहता है और कानों में खुजली रहती है।- सूरज गुप्ता, बांगरमऊ, उन्नाव
ठंडी चीजों से बचिये, और धूप में टहलें आराम मिलेगा। प्रॉपर होम्योपैथी दवा खाने से यह ठीक हो जायेगा।
• किडनी में स्टोन है, 5 एमएम का है। क्या मुझे ऑपरेट कराना पड़ेगा- रमेश कुमार सिंह, गाजीपुर फतेहपुर
नहीं आपको ऑपरेट कराने की जरूरत नहीं है। होम्योपैथी दवा खाने से यह बिलकुल ठीक हो जायेगा। क्लीनिक आकर दिखा लें।
• हमारी माता जी को पैरों में बहुत दर्द होता है। जीने में चढ़ते समय बहुत दिक्कत होती है। पत्नी को थायराइड है- विकास बाजपेयी, पनकी
माता जी को दिखा लीजिये उन्हें अर्थराइटिस हो सकती है। प्रॉपर इलाज से सही हो जायेगा। थायराइड का होम्योपैथी में अच्छा इलाज है। यह बिलकुल ठीक हो सकता है।
इनका भी आया फोन
राहुल शुक्ला फतेहपुर, जाहिद अख्तर औरैया, संजय कुमार पनकी, शोभित तिवारी उन्नाव, रोहित नवाबगंज, अनुभव मिश्रा फर्रुखाबाद, कुलदीप सिंह फतेहपुर।
