लखनऊ: ठेका दिलाने के नाम पांच करोड़ की ठगी, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की शुरू
अमृत विचार संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में सोलर पम्प और पानी की टंकी लगवाने का ठेका देने का दावा कर महाराष्ट्र की फर्म से पांच करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। फर्म संचालक की तहरीर पर गोमतीनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
नासिक निवासी राधेश्याम गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका याशिका एनर्जी के नाम से फर्म है। वर्ष 2018 में आरएस फाउंडेशन के सुरेश कुमार वर्मा ने उनकी मुलाकात हुई। सुरेश ने बताया कि उसके फाउंडेशन को यूपी में सोलर चलित वॉटर पम्प और पानी की टंकी लगवाने का ठेका मिला है। जिसमें करोड़ों रुपये का फायदा होगा। सुरेश ने राधेश्याम गुप्ता को टेण्डर में साझेदार बनाने का दावा किया।
जिसके बाद वह नासिक से गोमतीनगर विकासखंड स्थित फाउंडेशन के दफ्तर पहुंचे। जहां उनकी मुलाकात सुरेश ने साथियों से कराई। आरोप है कि सुरेश के कहने पर समय-समय पर सोलर पम्प व टंकी की सप्लाई वह करवाते रहे। पांच करोड़ रुपये का काम करने के बाद भी उन्हें रुपये नहीं दिए गए। जिसके बाद शुक्रवार को उन्होंने गोतीनगर थाने पहुंच कर सुरेश कुमार वर्मा समेत 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
यह भी पढ़ें:-शादीशुदा प्रेमिका पर संबंध बनाने का दबाव देने के लिए प्रेमी ने किया बच्चे का अपहरण, जानें फिर क्या हुआ
