शाहजहांपुर: लक्ष्मीपुर गांव में सचिव और प्रधान के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

शाहजहांपुर/खुटार, अमृत विचार। ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर में विकास कार्यों को लेकर समाजसेवी नन्हे लाल के नेतृत्व में रामकुमार, शोभित कुमार, रोहित कुमार, सुरेंद्र कुमार, आशुतोष, रामकिशोर, सत्यपाल, आनंद कुमार आदि लोगों ने पंचायत घर के बाहर प्रदर्शन किया। आरोप है कि प्रधान ने विकास कराने के नाम पर धांधली की है, जिससे गांव में विकास नही हो सका है। गांव के लोगों ने अधिकारियों से शिकायत कर जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: सत्यानंद हॉस्पिटल के डॉक्टर और स्टाफ पर गैरइरादन हत्या की रिपोर्ट दर्ज

गांव के लोगों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में एक भी नाली नहीं बनी है। घरों से निकलने वाला पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। गांव वालों के मुताबिक वर्ष 2017 से लेकर अब तक ग्राम प्रधान और सचिव ने सांठगांठ कर लाखों रुपये की धनराशि नाली निर्माण के नाम पर निकाल ली, लेकिन नालियों का निर्माण कार्य नही हुआ। गांव में आरसीसी रोड का भी निर्माण कार्य नहीं हो सका है। 

आरोप है कि प्रधान ने गांव में आरसीसी रोड बनवाने और कूड़ादान लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की धनराशि निकालकर घोटाला किया है। इसके अलावा गांव में मरम्मत, नाली निर्माण, शौचालय की बाउंड्रीवाल की मरम्मत के नाम पर भी लाखों रुपये की धनराशि फर्जी तरीके से निकाली गई। गांव के लोगों का आरोप है कि गांव में अभी तक इंटरलॉक सड़क निर्माण कार्य नहीं हुआ वर्ष 2019 में  प्रधान ने इंटरलॉक रोड बनवाने के नाम पर हेरफेर कर लिया। इसके अलावा गांव में कहीं पर भी स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई है।

जबकि अप्रैल 2019-20 में स्ट्रीट लाइट लगवाने के नाम पर हजारों रुपये की धनराशि निकाली जा चुकी है। तमाम विकास कार्यों के मामलों में अधिकारियों से शिकायत की गई, इसके बावजूद कोई ध्यान नही दिया गया। गांव के लोगों ने उच्चाधिकारियों को शिकायत कर बताया कि वर्ष 2017 से लेकर अब तक गांव में कराए गए विकास कार्यों की जांच के लिए टीम गठित की जाए और विकास कार्यों की स्थलीय जांच कराकर दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई हो। सोमवार को तमाम गांव के लोगों ने पंचायत घर के सामने प्रदर्शन किया और जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: थाना दिवस में देरी से आने पर जिला कृषि अधिकारी पर नाराज हुए डीएम 

 

संबंधित समाचार