संभल: जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज न होने पर भड़के व्यापारी, बंद कराया बाजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ब्रह्म बाजार में जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी, रविवार की रात युवक पर हुआ था धारदार हथियार से हमला

बाजार बंद करते आक्रोशित व्यापारी।

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। युवक पर हुए जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज न करने पर सोमवार को व्यापारी भड़क गए। पुलिस से हुई नोकझोंक के बाद आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद कराने के साथ ही ब्रहम बाजार में जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। मौके पर जाम खुलवाने पहुंचे पुलिस कर्मियों ने जब कानून का पाठ पढ़ाना शुरू किया तो व्यापारी फिर उग्र हो गए। दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं होगी, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा। व्यापारियों के तेवर देख पुलिस ने आनन-फानन में पांच नामजद समेत आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर व्यापारियों को कापी सौंप दी। जिस कारण करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका। 

कोतवाली के मोहल्ला ब्रहम बाजार निवासी अनिल चौधरी का पुत्र मनीष चौधरी रविवार की रात साढ़े सात बजे घर से बड़ा महादेव जाने के लिए निकला। बताते हैं कि जब वह बड़ा महादेव पहुंचा तो उसे आठ युवकों ने घेर लिया और गालियां बकने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर सभी ने मनीष के साथ मारपीट की और सिर पर धारदार हथियार से वारकर उसे घायल कर दिया। इस दौरान मौके पर भीड़ जुटी तो मारपीट करने वाले फरार हो गए। घायल हालत में मनीष घर पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी। 

इसके बाद पिता अनिल चौधरी उसे लेकर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली गए। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मनीष को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताते हैं कि इसके बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जिस कारण सोमवार को अनिल चौधरी कुछ व्यापारियों को लेकर फिर से कोतवाली पहुंचे। जहां पर रिपोर्ट दर्ज करने की बात कहने पर व्यापारियों की अपराध निरीक्षक से तीखी नोकझोंक हो गई। इसके बाद व्यापारी बाजार बंद कराने की चेतावनी देकर आ गए।

आक्रोशित व्यापारियों ने कोतवाली से आकर व्यापारियों ने ब्रहमबाजार, फड़याई बाजार आदि बंद कर दिया और ब्रहमबाजार तिराहे पर जाम लगा दिया। दरी बिछाकर व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।  इस दौरान मौके पर काफी भीड़ जुट गई। बाजार बंद की जानकारी मिलने पर पुलिस फिर मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जब जाम लगाने को गैर कानूनी बताया तो व्यापारी फिर भड़क गए। दो टूक कहा कि जब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं होगी, जाम नहीं खुलेगा। पुलिस चाहे तो व्यापारियों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर ली। आखिरकार दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने नामजद समेत आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जाम खुलवाया। 

इनके खिलाफ हुई रिपोर्ट
हंगामे के बीच पिता अनिल चौधरी ने पुलिस को तहरीर दी। जिसके आधार पर अमित कुमार उर्फ मोनू पुत्र प्रमोद कुमार निवासी बड़ा बाजार, विष्णु प्रताप पुत्र शिवकुमार निवासी बड़ा बाजार, शोभित शर्मा, अनिनाश शर्मा,  सन्नी पुत्र गोपाल डिश वाले तथा तीन अज्ञात केखिलाफ धारा 147, 148, 307, 324, 323, 506 में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

धरने के दौरान लगा जाम, लोग परेशाान
चन्दौसी। रिपोर्ट दर्ज होने के कारण आक्रोशित व्यापारियों ने ब्रहम बाजार व फड़याई बाजार बंद कर दिया और तिराहे पर बैठकर धरना प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने घंटाघर, बड़ा बाजार तथा कैथल गेट  को जाने वाले रास्ते को बाइक, स्कूटर आदि  लगाकर बंद कर दिया। इससे आने जाने वाले लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। दुपहिया वाहन चालक अन्य रास्तों से आते जाते रहे। करीब दो घंटे के बाद जाम व बाजार खोला गया।

ये भी पढ़ें:- संभल: एसडीएम ने दिखाए तेवर तो किसानों ने समेटा तिरपाल

संबंधित समाचार