नैनीताल: बेतालघाट के हल्सों गांव में खेती को चट कर रहे मोर
गरमपानी, अमृत विचार। विकासखंड बेतालघाट के हल्सों गांव में मोर किसानों के लिए चिंता का सबब बन गए हैं। खेतों में उपज को चट कर देने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से समस्या से समाधान की मांग उठाई है।
बेतालघाट के गावों में जंगली जानवरों के साथ ही बंदर परेशानी का सबब बने हुए हैं। आपदा के ज़ख्म आज तक नहीं भर सके हैं। अब एकाएक मोरों की बढ़ती तादाद चिंता का विषय बन गई है। मोर गेहूं, धनिया, हरी मिर्च, लहसुन समेत कई उपज को नुकसान पहुंचा रहे हैं जिससे किसानों को नुकसान बढ़ता जा रहा है।
गांवों में आय का एकमात्र साधन खेतीबाड़ी चौपट होती जा रही है जिससे परेशानी बढ़ते ही जा रही है। स्थानीय खुशहाल सिंह हाल्सी के अनुसार बड़ी संख्या में मोर खेतों में पहुंच उपज को खत्म कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से समस्या के समाधान को ठोस उपाय करने की मांग उठाई है।
