खटीमा में मिला कोरोना का मरीज, उपचार में जुटी स्वास्थ्य टीम
खटीमा, अमृत विचार। कोरोना की पिछली तीन लहरों में हॉट स्पॉट रहा नेपाल सीमा से सटा खटीमा क्षेत्र संभावित चौथी लहर से निपटने के लिए तैयार हो गया है। मंगलवार को नागरिक अस्पताल में कोविड 19 की संभावित चौथी लहर की तैयारी को लेकर मॉक ड्रिल किया गया।
एसडीएम रवींद्र सिंह बिष्ट ने डमी मरीज के आते ही उसके उपचार, आईसीयू, ऑक्सीजन तक के मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल स्टाफ को हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। अस्पताल में देखते ही देखते 50 कोविड बैड, 12 आईसीयू बैड, हजार एलपीएम का आक्सीजन प्लांट सेवा के लिए तैयार हो गए। आपात स्थिति में 126 ऑक्सीजन सिलेंडर, 63 ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर उपलब्ध हो गए।
बता दें कि नेपाल सीमा से सटे खटीमा क्षेत्र में कोरोना की पहली, दूसरी, तीसरी लहर में अनेक लोग अपनी जान गवां चुके हैं। तत्कालीन विधायक व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर ऑक्सीजन प्लांट समेत आईसीयू यूनिट चालू होते ही कोरोना से निपटने में स्वास्थ्य विभाग को सहायता मिली। वर्तमान में अस्पताल में 50 बेड का कोविड सेंटर, 11 आईसीयू बैड व एक हजार एलपीएम का आक्सीजन प्लांट उपलब्ध है।
कोरोना की संभावित चौथी लहर से निपटने के लिए मंगलवार को मॉक ड्रिल के तहत अस्पताल का ऑक्सीजन प्लांट चालू हो गया। डमी मरीज अस्पताल पहुंचते ही स्वास्थ्य टीम उसके इलाज में जुट गई। एम्बुलेंस से मरीज के आते ही मरीज का फीवर, पल्स,ऑक्सीजन लेबल चेक किया गया। ऑक्सीजन लेबल कम होने पर ऑक्सीजन चढ़ाई गई। ऑक्सीजन लेबल 80 से कम मिलते ही आईसीयू में भर्ती किया गया।
एसडीएम ने कहा कि अस्पताल प्रशाशन दवा की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखे। संवेदनशील नेपाल सीमा पर नजर रहे। कोविड नोडल अधिकारी डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि चौथी लहर से निपटने को तैयारियां पूरी हैं। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुषमा नेगी, कोविड नोडल अधिकारी डॉ. सिंह, डॉ. पीके ठाकुर व आईसीयू इंचार्ज डॉ. मनी पुनियानी, डॉ. निशिकांत, फार्मासिस्ट नवल किशोर गोस्वामी, स्टॉफ नर्स निर्मला चंद, मनोज शर्मा, धुव्र बोरा, प्रेम चंद एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
