काशीपुर: प्रतिबंधित दवा बेचते दो युवकों को दबोचा
काशीपुर, अमृत विचार। थाना जसपुर पुलिस ने मोहल्लों में घूमकर अवैध नशीली टेबलेट बेच रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। युवकों के पास से पुलिस ने 600 प्रतिबंधित दवाओं को बरामद किया। युवक एक मेडिकल स्टोर संचालक से दवाएं खरीदकर बेचा करते थे। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बुधवार को सीओ कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि मंगलवार देर शाम जसपुर पुलिस ने गश्त के दौरान भट्ठा कॉलोनी, नई बस्ती, जसपुर में दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए पाए गए। शक होने पर पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली, तो उनके पास से पुलिस ने 600 अवैध नशीली दवाएं बरामद की।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम भट्ठा कॉलोनी नई बस्ती निवासी जीशान और फैजान बताया। आरोपियों ने बताया कि वह क्षेत्र के एक मेडिकल स्टोर संचालक से यह दवाइयां खरीदकर अलग-अलग मोहल्लों में महंगे दामों में बेचा करते हैं। पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
