पीलीभीत: जिले में मिला पहला कोरोना पॉजिटिव केस, मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

न्यूरिया क्षेत्र के बिठौरा गांव का रहने वाला है कोविड संक्रमित

पीलीभीत, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की चौथी लहर ने अब जिले में भी दस्तक दे दी है। 19 दिन के बाद न्यूरिया क्षेत्र में एक कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। सीएमओ के निर्देश पर रैपिड टीमों ने संक्रमित मरीज को ट्रेस करने के बाद उसे होम आइसोलेट कर दिया है। चौथी लहर में यह जिले का पहला केस आया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित के परिवार और संपर्क में आने वाले लोगों की जांच भी कराई है। 

ये भी पढ़ें- पीलीभीत : युवती को गर्भवती हालत में छोड़ प्रेमी बोला- हर रात कराऊंगा तेरा सौदा!

सर्दी की शुरूआत होते ही कोरोना अपने नए स्वरूप के साथ वापसी कर चुका है। विदेशों के बाद यूपी में भी कोरोना के नए वैरिएंट बी-07 का एक केस मिल चुका है। इस पर शासन ने अलर्ट जारी करते हुए सभी जगह कोरोना की जांच शुरू करने के साथ ही अस्पतालों को चालू करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद जिले में भी सरकारी अस्पतालों में कोरोना की जांच शुरू कर दी गई। आरटीपीसीआर की सैंपलिंग चालू होने के बाद न्यूरिया सीएचसी में पहुंचे एक युवक की जांच की गई थी। जिसको परीक्षण के लिए बीएसएल लैब में भेजा था। गुरुवार को लैब से जारी हुई रिपोर्ट में युवक कोरोना पॉजिटिव निकला।  

रिपोर्ट के अनुसार युवक न्यूरिया क्षेत्र के गांव बिठौरा कला निवासी हरीश पुत्र दीनदयाल बताया जा रहा है। पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। सीएमओ डा. आलोक कुमार ने न्यूरिया एमओआईसी डा. सहीस पाल को मरीज को ट्रेस करने के निर्देश दिए। सुबह ही टीम संक्रमित युवक के घर पहुंच गई। जहां उसकी पल्स, ऑक्सीजन आदि को चेक किया।

संक्रमित युवक ने बताया कि वह मजदूरी करता है। उसकी पत्नी गर्भवती थी। जिसका इलाज न्यूरिया सीएचसी से चल रहा है। 24 दिसंबर को वह पत्नी के साथ प्रसव करवाने के लिए वहां गए थे। जहां प्रसव करने के लिए जांच टीम ने दोनों का सैंपल लिया था, लेकिन पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। जबकि वह कोरोना पॉजिटिव आया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि वह पूरी तरह से ठीक है। कोई लक्षण नहीं है। इसलिए उसे होम आइसोलेशन में रखा गया है।   

न्यूरिया क्षेत्र में एक कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। युवक को ट्रेस करने के बाद उसे आइसोलेट कर दिया गया है। युवक बाहर से न आने की जानकारी दे रहा है। लेकिन उसके पास एक गुजरात का सिम मिला है। इसलिए बाहर से आने का कयास लगाया जा रहा है। फिलहाल ट्रेसिंग चल रही है। परिवार के लोगों की भी सैंपलिंग कराई जाएगी- डा. आलोक कुमार, सीएमओ।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: कनाडा भेजने के नाम पर दो युवकों से 22 लाख रुपए ठगे

संबंधित समाचार