बांदा: वृद्ध किसान ने 100 फुट गहरे बोरवेल में छलांग लगाकर किया Suicide 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शव निकालने में फायर ब्रिगेड नाकाम, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ टीम बुलाई गई

अमृत विचार,बांदा। थाना जसपुरा अंतर्गत रामपुर गांव के पतारी हार में 60 वर्षीय किसान ने तकरीबन 100 फुट गहरे व 16 इंच चौड़े नलकूप के खुले पड़े सरकारी बोरवेल में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। मामला अवैध संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है, जबकि परिजन आत्महत्या का कारण बीमारी व कर्ज बता रहे हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने शव को बाहर निकालने के लिये रेस्क्यू आरंभ किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने एनडीआरएफ व एसडीआरएफ टीम को बुलाया है। 

जसपुरा थाना क्षेत्र के रामपुर के पतारी हार में 60 वर्षीय रामप्रसाद पुत्र गुलजारीलाल उर्फ गुलजी ने तकरीबन 100 फुट गहरे राजकीय बोरवेल में कूदकर अपनी जान दे दी। मौके पर पहुंचे जसपुरा थाना प्रभारी मो.अकरम ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने बोरबेल में रस्सी व लोहे का कांटा डालकर देखा, तो मृतक के सिर के बाल निकले। अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्रा ने बताया कि बोरवेल से शव को निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीम को बुलवाया गया है। 

मृतक के बड़े भाई देवीलाल ने बताया कि उसका छोटा भाई मंगलवार की शाम अपने खेतों की रखवाली करने निकला था। रात में नहीं लौटा तो उसकी बहु रीता ने रिश्तेदारों से जानकारी की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। दूसरे दिन बुधवार को 15 साल से ध्वस्त पड़े राजकीय नलकूप के पास के खेत मालिक टिरुवा ने किसी के कपड़े, लाठी व तम्बाकू की डिब्बी रखी देखी। जानकारी होने पर पड़ोसी उसे देखने गए। जब राजकीय नलकूप में उसके हाथों के निशान दिखाई दिए तो वहां मौजूद लोगों ने मृतक के बड़े भाई रामकिशुन को सूचना दी। रामकिशुन ने बताया कि मृतक ने  कई साल पहले गांव के ही आर्यावर्त बैंक से कई साल पहले 1 लाख का कर्ज लिया था, जिसको लेकर वह परेशान था, जबकि गांव के अधिकांश लोग आत्महत्या के इस मामले को अवैध संबंधों से जोड़कर बता रहे हैं। पुलिस दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें -  चित्रकूट: अधेड़ की गला घोंटकर हत्या, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

संबंधित समाचार