बरेली: डॉक्टर के चेहरे की मुस्कान में मरीज को नजर आता है भगवान- राज्यपाल
बरेली, अमृत विचार। बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी का चतुर्थ दीक्षांत समारोह गुरुवार को रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मेडिकल, डेंटल और नर्सिंग के पाठ्यक्रमों के 59 मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल और डिग्री देकर सम्मानित किया।
यह भी पढ़ें- बरेली: 39 रोडवेज बसों की उम्र हुई पूरी, जल्द होंगी नीलाम
46 सिल्वर और 62 मेधावियों को भी ब्रांज मेडल दिए गए। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीज को अगर डाक्टर के चेहरे पर मुस्कान नजर आती है तो उस मुस्कान में मरीज को भगवान नजर आता है, इसलिए डाक्टर को धरती का भगवान कहते हैं। कोरोना काल में डाक्टरों की भागीदारी ने इसको सार्थक भी किया है। मेडिकल के छात्र-छात्राओं को इस सार्थकता को आगे भी कायम रखना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस प्रकार अपने प्रयासों से पूरे विश्व को योगमय बनाया, इसी प्रकार नववर्ष में प्रवेश करने के साथ हम सबको मोटे अनाज का सेवन भी करना चाहिए। आयुर्वेद बहुत महत्वपूर्ण चिकित्सा पद्धति है। जड़ी-बूटियों से बीमारी जड़ से खत्म होती है, इसे हम भूल चुके हैं लेकिन धीरे-धीरे फिर आयुर्वेद की तरफ लौट रहे हैं।
इस मौके पर राज्यपाल को कुलाधिपति डा. केशव कुमार अग्रवाल, प्रति कुलाधिपति डा. अशोक कुमार अग्रवाल, कुलपति डा. लता अग्रवाल, प्रति कुलपति डा. किरन अग्रवाल ने प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों में पासआउट 354 छात्र-छात्राओं को डिग्री प्रदान की गई।
यह भी पढ़ें- बरेली: अतिक्रमण की शिकायत पर दबंगों ने किया हमला, जानें पूरा मामला
