संभल : सांड के हमले से किसान की मौत, ग्रामीणों में दहशत...खेतों पर नहीं जा रहे लोग
कैथल गांव की है घटना, मुआवजा की मांग
चन्दौसी (संभल), अमृत विचार। कैथल गांव में खेत पर फसल की रखवाली कर रहे किसान को सांड ने कई बार जमीन पर पटक दिया। शुक्रवार को उपचार के दौरान घायल किसान की मौत हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से किसान के परिवार को मुआवजा दिलाने व छुट्टा पशुओं की समस्या को दूर करने की मांग की है।
छुट्टा पशुओं से फसल को बचाने के लिए किसान रातभर जागकर रखवाली कर रहे हैं। बुधवार रात गांव कैथल निवासी श्रीराम (50) जंगल में फसल की रखवाली कर रहे थे। इस दौरान आहट होने पर उन्होंने टॉर्च जलाई तो सामने एक सांड खड़ा था। तभी रोशनी में सांड ने श्रीराम पर हमला कर दिया। सांड ने कई बार उन्हें उठाकर जमीन पर पटक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर परिजनो व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह सांड को भगाया।
परिजनों ने आनन-फानन गंभीर रूप से घायल किसान को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां गुरुवार रात उपचार के दौरान किसान की मौत हो गई। इस घटना के बाद से परिजन व ग्रामीण दहशत में हैं। लोग खेतों पर नहीं जा रहे हैं। वहीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ये भी पढ़ें : संभल: मानदेय न मिलने से सफाई कर्मियों में आक्रोश, पालिकाध्यक्ष का फूंका पुतला
