संभल: सफाईकर्मी-पालिकाध्यक्ष के विवाद ने पकड़ा तूल, हड़ताल जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मानदेय नहीं देने पर बढ़ा विवाद, एसडीएम व सीओ की मौजूदगी में वार्ता विफल 

अम़ृत विचार, चन्दौसी। मानदेय नहीं मिलने पर भड़के सफाई कर्मी का नगरपालिका अध्यक्ष से विवाद बढ़ गया है। पालिकाध्यक्ष की ओर से तहरीर देने के बाद शुक्रवार को सफाई कर्मियों ने मोर्चा खोल दिया। उन्होंने पालिकाध्यक्ष व उनके पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। वहीं दूसरे दिन भी सफाई कर्मियों की हड़ताल जारी रही। विवाद निपटाने के लिए एसडीएम व सीओ ने सफाईकर्मियों से वार्ता की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें- संभल: मानदेय न मिलने से सफाई कर्मियों में आक्रोश, पालिकाध्यक्ष का फूंका पुतला

नगर पालिका में आउट सोर्सिंग सफाई कर्मियों को छह माह से मानदेय नहीं मिला है। इसके विरोध में  सफाई कर्मियों ने गुरुवार को कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया था। पालिकाध्यक्ष इंदूरानी के आवास के बाहर हंगामा कर उनका पुतला फूंका था।

विरोध में पालिकाध्यक्ष ने गुरुवार देर शाम सफाई कर्मियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी थी। शुक्रवार को तहरीर की जानकारी होने पर सफाई कर्मी भड़क गए। उन्होंने हड़ताल का ऐलान कर दिया। इसके चलते नगर में जगह-जगह कूड़े के ढ़ेर लगे नजर आए।

 सफाई कर्मी नेता सुभाष वाल्मीकि, जिलाध्यक्ष रॉकी वाल्मीकि व रविशंकर ने पालिकाध्यक्ष व उनके पति लालाराम, 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। शाम को विवाद निपटाने के लिए एसडीएम राजपाल सिंह व सीओ दीपक तिवारी ने पालिका के अस्थायी कार्यालय पर सफाई कर्मचारियों को वार्ता के लिए बुलाया। इसमें भी सफाई कर्मी मानदेय की मांग पर अड़े रहे।

अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कहा कि हर बार आश्वासन मिलता है। जब तक मानदेय नहीं मिलेगा, सफाई व्यवस्था ठप रहेगी। वार्ता विफल रही। इस मौके पर  प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह पंवार, ईओ विजय पाल सिंह, सफाई कर्मियों की ओर से रविशंकर, शिवचरन, सरजू, दिलीप कुमार, रविंद्र कुमार, सोनू, रिंकू, दास, नीरज, हिमांशु, संजय, गौरव, विशंभर, विजेंद्र , अमन, राजू, अमन आदि मौजूद रहे।

दोनों ओर से तहरीरें मिल गई हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विवाद निपटाने का प्रयास किया जाएगा--- सतेंद्र सिंह पंवार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली।

यह भी पढ़ें- संभल : सांड के हमले से किसान की मौत, ग्रामीणों में दहशत...खेतों पर नहीं जा रहे लोग

संबंधित समाचार