Hamirpur में अवैध कब्जा हटवाने गई पुलिस और राजस्व टीम पर पथराव, लेखपाल ने दर्ज कराई रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर में पुलिस और राजस्व टीम पर पथराव हुआ है।

हमीरपुर में अवैध कब्जा हटवाने गई पुलिस और राजस्व टीम पर पथराव हुआ है। पूर्व प्रधान ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया था। लेखपाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।

हमीरपुर, अमृत विचार। राठ में पूर्व प्रधान द्वारा ग्राम पंचायत की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाने गए लेखपाल और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया गया। लेखपाल व पुलिस कर्मियों ने भाग कर अपनी जान बचाई। एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल ने मझगवां थाने में पूर्व प्रधान व उसके परिजनों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

मझगवां थाने के नहदौरा गांव में पूर्व प्रधान हीरालाल पुत्र बांके लाल अहिरवार ग्राम समाज की खलिहान की जमीन गाटा संख्या 456 पर अवैध मकान का निर्माण करा रहा था। प्रशासन को जानकारी होने पर लेखपाल जयप्रकाश अवैध कब्जा हटवाने के लिए पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लेखपाल जयप्रकाश ने बताया कि कब्जा हटवाने के दौरान पूर्व प्रधान के पुत्र गुलशन और उसके परिवार की महिलाओं ने पुलिस टीम और उस पर पथराव शुरू कर दिया।

आरोपियों ने लेखपाल को जान से मारने की भी धमकी दी। लेखपाल ने बताया कि आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली। सूचना पर एसडीएम पवन प्रकाश पाठक ने पहुंचकर घटना को संज्ञान में लेकर लेखपाल को रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। लेखपाल ने थाने में पूर्व प्रधान समेत अन्य के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।

संबंधित समाचार