अल्मोड़ा: पालिका के बोर्ड की बैठक में कई प्रस्तावों पर मोहर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। पालिका के बोर्ड की बैठक पालिका सभागार में आयोजित की गई। जहां नगर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा के साथ ही विभिन्न प्रस्तावों पर मोहर भी लगाई गई। इसके साथ ही पालिका द्वारा आम आदमी की समस्याओं के निस्तारण के लिए एक टोल फ्री नंबर भी जारी किया है, ताकि छोटी-छोटी परेशानियों के लिए लोगों को पालिका के चक्कर ना काटने पड़े। 
         

पालिका की बोर्ड की बैठक को संबोधित करते हुए सभासद मनोज जोशी ने सदन को बताया कि उनके वार्ड में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण पथ प्रकाश व्यवस्था बाधित हो रही है। जिस कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने बताया कि इस समस्या के बारे में बिजली विभाग को जानकारी दी गई थी। लेकिन कोई कार्रवाई ना होने के कारण अब विभाग के खिलाफ वाद दायर किया गया है। सभासद अमित साह समेत अन्य अनेक सभासदों ने सदन में अपनी समस्याएं रखीं। जिन पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने बताया कि नगर में चलाई जा रही सिटी बस से हो रहे घाटे को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पालिका को कुछ राशि अनुदान के रूप में दी है। साथ ही नगर में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के सीसीटीवी कैमरे लगाने को भी मदद मिली है। उन्होंने बताया कि नगर में प्रस्तावित रैन बसेरे के लिए भी शासन से धनराशि अवमुक्त हुई है। जिसका कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। बैठक में विभिन्न वार्डों के सभासद और अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी मौजूद रहे। 

पालिका में खुलेगा जन सुविधा केंद्र 
एसडीएम सदर गोपाल सिंह चौहान ने बताया है कि जिलाधिकारी वंदना सिंह के निर्देश पर नगर पालिका अल्मोड़ा में एक जन सुविधा केंद्र खोला जा रहा है। जिसमें दो जनवरी से खतौनी निकालने, ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जीवित प्रमाण पत्र जमा करने, राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न प्रमाण पत्र बनवाने समेत यहां विभिन्न प्रकार की समस्याओं को ज्ञापन भी दर्ज कराए जा सकते हैं। 

संबंधित समाचार