बरेली: लोग शिकायत करते रहे, ट्रेनें कछुआ चाल से चलती रहीं
बरेली, अमृत विचार। शनिवार को साल का आखिरी दिन था, लेकिन ट्रेनों ने अपनी कछुआ चाल को नहीं छोड़ा। कहने को तो अधिकारी कोहरे की बात कर रहे हैं, मगर कोहरे के नाम पर पहले ही तीन दर्जन से ज्यादा ट्रेनों को निरस्त किया जा चुका है। जिन ट्रेनों का संचालन हो रहा है, वो देरी से क्यों चल रही हैं। इस बात का सवाल यात्रियों द्वारा लगातार उठाया जा रहा है।
पिछले तीन दिन में बड़ी संख्या में यात्रियों द्वारा ट्रेनें लेट होने के कारण अपने टिकट निरस्त करा दिए। रेलवे का नियम है कि अगर तीन घंटे से ज्यादा ट्रेन लेट हो तो यात्रियों को उनका पूरा पैसा रिफंड किया जाएगा। ऐसे में कुछ यात्री तो इतने परेशान हैं कि चलती गाड़ी में ट्रेन लेट होने के कारण अपने टिकट का पैसा वापस मांग रहे हैं। कुछ यात्रियों ने तो यहां तक शिकायत करते हुए कहा कि सुपरफास्ट ट्रेनों तक को पैसेंजर की तरह संचालित किया जा रहा है।
सुपरफास्ट ट्रेनें भी आठ से नौ ट्रेनों को क्रास कराने के लिए रोकी जा रही हैं। यात्रियों द्वारा लगातार शिकायत की जाती, मगर रेलवे के कान पर जूं तक नहीं रेंगती। लगातार यात्रियों को सिर्फ एक जवाब दिया जाता है कि ट्रेनें परिचालन कारणों से लेट हैं।
कई बार ट्रेनें कोहरे के कारण लेट बताकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। मुरादाबाद मंडल में रेलवे के अधिकारियों से बात की जाती है, गंभीरता से जवाब देने के बजाए गोल मोल जवाब देकर मामले को टाल दिया जाता है। कुल मिलाकर परेशान यात्री ही होता है। शनिवार को भी बड़ी संख्या में ट्रेनें बरेली जंक्शन पर देरी से पहुंचीं। बरेली जंक्शन से गुजरने वाली कई ट्रेनों के यात्री बस शिकायत करते रह गए, लेकिन ट्रेनों ने अपनी कछुआ चाल नहीं छोड़ी।
यह ट्रेनें बरेली जंक्शन पर देरी से पहुंचीं
ट्रेन संख्या ट्रेन का नाम कितनी देरी से पहुंचीं
14649 सरयू यमुना एक्सप्रेस 17 घंटा 18 मिनट
15005 राप्ती गंगा एक्सप्रेस 11 घंटा 35 मिनट
15654 अमरनाथ एक्सप्रेस 8 घंटा 51 मिनट
13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस 5 घंटा 4 मिनट
13151 लकाता-जम्मूतवी 4 घंटा 30 मिनट
22353 राज्यरानी एक्सप्रेस 3 घंटा 30 मिनट
12327 उपासना एक्सप्रेस 2 घंटा 21 मिनट
15712 गरीब नवाज एक्सप्रेस 3 घंटा 16 मिनट
20504 राजधानी एक्सप्रेस 1 घंटा
15910 अवध असम एक्सप्रेस 4 घंटा 30 मिनट
12204 सहरसा गरीबरथ एक्सप्रेस 1 घंटा 51 मिनट
12326 कोलकाता सुपरफास्ट 1 घंटा 27 मिनट
रेलवे के ट्वीटर हैंडल पर यात्रियों की शिकायत
ट्रेन नंबर 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस हर थोड़ी दूर पर क्यों रोकी जा रही है। यह ट्रेन पहले ही दो घंटा लेट हो चुकी है। कृपया ट्रेन को जल्द ही लखनऊ पहुंचा दीजिए---अवीजीत सक्सेना।
ट्रेन संख्या 15076 त्रिवेणी एक्सप्रेस जो दोपहर एक बजे बरेली जंक्शन से रवाना हुई है। अभी तक 100 किलोमीटर की दूरी तय कर पाई है। गंतव्य तक चार घंटे अधिक लगेंगे---दीप चौधरी।
ट्रेन संख्या 12327 उपासना एक्सप्रेस किस कारण से सीबीगंज पर खड़ी है। पहले ही ट्रेन दो घंटे से अधिक की देरी से चल रही है---उमेश कुमार।
ट्रेन संख्या 14611 ने आठ से नौ ट्रेनों को रोजा के नजदीक पास दिया है। सुपरफास्ट ट्रेन को पैसेंजर की तरह चला रहे हैं। मेरे टिकट के 2600 रुपये वापस किए जाएं---अर्णव अग्रवाल।
यह भी पढ़ें- बरेली: यूपी में IPS अफसरों के प्रमोशन आदेश जारी, SSP अखिलेश चौरसिया बने DIG, देखें लिस्ट
