हल्द्वानी: नए साल पर ग्यारह घरों में गूंजी किलकारियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नववर्ष 2023 के आगमन पर ग्यारह घरों में किलकारियां गूंजी हैं। साल के पहले दिन शनिवार की रात 12 बजे से रविवार की दोपहर तक महिला अस्पताल में छह और एसटीएच में पांच बच्चों का जन्म हुआ है। घर में नए मेहमान आने की खुशी में परिवारों ने अस्पताल में मिठाई बांटी।

महिला अस्पताल में रात 12 बजकर एक मिनट पर पहला प्रसव हुआ। प्रसव कक्ष से नवजात की किलकारी सुनते ही परिजनों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। महिला ने पुत्री को जन्म दिया। घर में लक्ष्मी के आने से परिजनों में खुशी बढ़ गई। इसके बाद पांच अन्य महिलाओं का प्रसव हुआ। सभी ने एक-एक पुत्र को जन्म दिया। अस्पताल की सीएमएस डॉ. उषा जंगपांगी ने बताया कि साल के पहले दिन अस्पताल में छह महिलाओं का प्रसव हुआ है। मां और बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ हैं।

इधर, सुशीला तिवारी अस्पताल के गायनी विभाग में भी साल के पहले दिन नन्हे-मुन्ने बच्चों की किलकारी सुनाई दी। शनिवार रात से रविवार दिन तक अस्पताल में करीब पांच प्रसव हुए। चिकित्सकों के मुताबिक प्रसव के दौरान एक महिला ने पुत्र और चार महिलाओं ने पुत्रियों को जन्म दिया है। परिवार में नए सदस्य के आने से सभी परिजनों में खुशी का माहौल है। 

संबंधित समाचार