खटीमा: खटीमा में थर्टी फर्स्ट की रात युवक की संदिग्ध हालात में मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। थर्टी फर्स्ट की रात खटीमा नगर में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार युवक झाड़ियों में पड़ा मिला। सूचना पर परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिससे थर्टी फर्स्ट के जश्न का माहौल गम में तब्दील हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। एसएसआई अशोक कुमार ने बताया कि अभी तक मामला संदिग्ध प्रतीत होता है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार 31 दिसंबर की रात को वार्ड संख्या 17, शिव कालोनी निवासी 24 वर्षीय नितिन रस्तोगी की संदिग्ध हालत में झाड़ियों में पड़ा मिला। नितिन के पिता राजेंद्र प्रसाद रस्तोगी ने मामले में पुलिस को तहरीर सौंप दी है। पिता राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि थर्टी फर्स्ट की रात करीब नौ बजे उसका पुत्र नितिन घर से बाहर गया था। करीब 11-12 बजे कालोनी के युवक चंद्रपाल ने उन्हें सूचना दी कि नितिन ज्ञान दर्शन स्कूल के पास झाड़ी में पड़ा है। वह तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। नितिन को सरकारी अस्पताल ले गए तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया नितिन खटीमा से पूरनपुर को टैक्सी चलाता है।

इधर, नए साल के पहले दिन रविवार को पोस्टमार्टम हाउस में शोकाकुल परिजन, मित्रों व परिचितों का जमावड़ा लगा रहा। बताया कि नितिन टैक्सी चलाने के साथ बीएससी की पढ़ाई भी कर रहा था। नागरिक अस्पताल में डॉ. केसी पंत ने पोस्टमार्टम किया। इस मामले में एसएसआई अशोक कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध है पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।  

संबंधित समाचार