अयोध्या: नववर्ष पर जिला पुलिस को मिले 8 यातायात उपनिरीक्षक और 53 फायरमैन
अमृत विचार, अयोध्या। कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे पुलिस महकमे को शासन की ओर से नए वर्ष पर सौगात मिली है। यातायात व्यवस्था में सहयोग के लिए जिला पुलिस को आठ उपनिरीक्षक और अग्निशमन शाखा को 53 फारयरमैन मिले हैं।
मंडल मुख्यालय का जनपद होने के बावजूद काफी दिनों से नियुक्ति प्रक्रिया धीमी होने के चलते जिले का यातायात महकमा कर्मचारियों की कमी से हलकान चल रहा था। विभाग में सीओ और निरीक्षक के पद तो सृजित कर दिए गए और इन पदों पर तैनाती भी कर दी गई, लेकिन कर्मचारियों का टोटा बना रहा , जिसके चलते अभी तक फील्ड का ज्यादातर काम होमगार्ड जवानों से लिया जा रहा है। वहीं अन्य पदों पर भी अस्थाई तैनाती के सहारे काम चलाया जा रहा है। हाल यह है कि अयोध्या में मंदिर निर्माण के चलते श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ में उत्तरोत्तर बढ़ोत्तरी हो रही है और आये दिन जाम के हालात रहते है, बावजूद इसके अभी तक सीओ यातायात को सीयूजी नंबर तक एलाट नहीं हो पाया है।
कर्मियों की कमी को दूर करने के लिए शासन के निर्देश पर मुख्यालय की ओर से प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसका परिणाम सामने आने के बाद जिले को आठ यातायात उपनिरीक्षक हासिल हुए हैं। चयन के उपरान्त प्रशिक्षण में सफल घोषित पीएसी के पलटन कमांडर उपनिरीक्षक सुरक्षा विभाग में तैनात संतोष कुमार राय, पीएसी के 26 वीं वाहिनी में तैनात सूर्य प्रकाश मिश्रा, 32 वाहिनी में तैनात जनार्दन सिंह, 20 वीं वाहिनी में तैनात अविनाश यादव, द्वितीय वाहिनी सीतापुर में तैनात विनोद कुमार, बलरामपुर में तैनात रामलगन यादव, 25 वीं वाहिनी रायबरेली में तैनात परशुराम प्रसाद तथा 10 बटालियन बाराबंकी तैनात राम दयाल को यातायात उपनिरीक्षक बनने के बाद जिले में तैनात किया है। इन सभी को 15 दिन का व्यवहारिक प्रशिक्षण देकर फील्ड ड्यूटी में तैनात कर दिया जायेगा। एसपी सिटी मधुवन सिंह ने बताया कि यातयात शाखा में स्टाफ की काफी कमी थी। नियुक्ति प्रक्रिया के तहत पीएसी से आठ उपनिरीक्षक मिले हैं।
अग्निशमन के पास है रामजन्मभूमि समेत तहसील केंद्रों का जिम्मा
वहीं जिले की अग्निशमन शाखा के पास जिला मुख्यालय अलावा तहसील केंद्र मिल्कीपुर, बीकापुर, सोहावल, अयोध्या, रुदौली के अलावा रामजन्मभूमि परिसर की व्यवस्था को संचालित करने का जिम्मा है,लेकिन कर्मचारियों की कमी के चलते व्यवस्था किसी तरह संचालित की जा रही थी। कहीं अग्निशमन केंद्रों पर प्रभारी का पद खली है तो स्टाफ को यहां-वहां लगाकर आपात स्थिति में काम चलाया जा रहा था। प्रदेश सरकार के निर्देश पर अग्निशमन शाखा में कर्मियों की कमी को दूर करने के लिए शुरू की गई भर्ती प्रक्रिया के तहत विभिन्न प्रक्रियाओं को पूराकर जिले में फायरमैन पद पर तैनात 53 अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण पड़ोसी जनपद गोंडा स्थित केंद्र पर पूरा हो गया है। सफल घोषित अभ्यर्थियों को पासिंग आउट परेड के बाद महानिदेशक अग्निशमन के आदेश पर 6 दिन की इनामिया छुट्टी प्रदान की गई है। छुट्टी अवधि पूरी कर सभी 53 फायरमैन इसी हफ्ते अपनी ड्यूटी ज्वाइन लेंगें।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद के लिए नियुक्त 53 फायरमैन ने गोंडा प्रशिक्षण केंद्र पर अपना प्रशिक्षण सफलता पूर्वक संपन्न कर लिया है। इनामिया छुट्टी के बाद सभी ड्यूटी ज्वाइन कर लेंगें। उन्होंने बताया में 115 फायरमैन की तैनाती थी,नए बैच की ज्वाइनिंग के बाद इस कर्मियों का कोटा लगभग पूरा जाएगा।
ये भी पढ़ें - नववर्ष के पहले दिन अयोध्या में श्रद्धालुओं का टूटा रिकॉर्ड, प्रसाद-चरणामृत वितरण बंद
