अयोध्या महोत्सव: पहलवानों ने दिखाए दांव-पेंच, लोकनृत्य ने किया मंत्रमुग्ध
आस्था, आध्यात्म की प्रज्ज्वलित ज्योति से महोत्सव में हुआ नववर्ष का स्वागत
अमृत विचार, अयोध्या। नववर्ष पर अयोध्या महोत्सव का परिवेश हनुमान चालीसा से गुंजायमान हो गया। प्रथम पूज्य भगवान गणेश जी की वंदना ने वातावरण में अध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर दिया। महोत्सव के प्रांगण में विशाल दंगल का आयोजन किया गया, जिसमें देश भर से आये पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया। इस दौरान घूमर, चकरी व हरियाणा के लोकनृत्य जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रख्यात पहलवानों में रंजीत हरिणाणा, बागा पंजाब, अशोक दिल्ली, प्रदीप चंडीगढ़, ओमकार कुरुक्षेत्र हरियाणा, छोटा भीम गोरखपुर, गुरु चरन बाराबंकी, सौरभदास हनुमानगढ़ी, अशोक हनुमानगढ़ी, अनुज दिल्ली, चन्द्र प्रकाश राजस्थान, नागेंद्रदास हनुमानगढ़ी व गूंगा हरियाणा ने अपने दांवपेंच से दर्शकों को अचंभित कर दिया। विजयी पहलवानों को अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत बलराम दास, अवध विश्वविद्यालय के चीफ प्राक्टर अजय प्रताप सिंह व विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने पुरस्कृत किया।
महोत्सव न्यास के अध्यक्ष हरीश श्रीवास्तव ने कहा कि आस्था, आध्यात्म की प्रज्ज्वलित ज्योति के माध्यम से नववर्ष का स्वागत किया गया। अयोध्या की संस्कृति व संस्कार हमें मर्यादा व अनुशासन में रहने की शिक्षा देते हैं। महोत्सव में आयोजित विशाल दंगल में देश के विख्यात पहेलवानों की उपस्थिति ने यहां के खिलाड़ियों को प्रेरणा दी। इस अवसर पर आकाश अग्रवाल, नाहिद कैफ, मोहित मिश्रा, रवि चौधरी, रेगन सिंह, श्रुति श्रीवास्तव, ऋचा उपाध्याय की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संयोजन बलवीर सिंह ने किया।
ये भी पढ़ें - अयोध्या: नववर्ष पर जिला पुलिस को मिले 8 यातायात उपनिरीक्षक और 53 फायरमैन
