बरेली: डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ही एमएलसी स्नातक प्रत्याशी, चर्चाएं तेज
बरेली, अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद स्नातक चुनाव का बिगुल बजते ही भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। भले ही अभी प्रत्याशी की घोषणा होना बाकी है लेकिन सिटिंग एमएलसी स्नातक डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त को प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चाएं रविवार को भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक में भी चलीं। जनप्रतिनिधि दबी जुबान में यह कह रहे हैं कि जयपाल सिंह व्यस्त होंगे लेकिन खुलकर यह बात कोई नहीं कह रहा है।
ये भी पढ़ें- बरेली: कोहरे में थमे दो दर्जन से अधिक बसों के पहिये, यात्रियों ने झेली दिक्कतें
एमएलसी चुनाव की बैठक में शामिल रहे वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार का कहना है कि प्रत्याशी डा. जयपाल सिंह व्यस्त ही रहेंगे या कोई और, इस पर भाजपा हाईकमान को ही निर्णय लेना है। एमएलसी के चुनाव को जिताने का काम हम सब करेंगे। भाजपा के महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा का कहना है कि 95 प्रतिशत प्रत्याशी डा. जयपाल सिंह व्यस्त होंगे लेकिन घोषणा अभी नहीं हुई है। 10 जनवरी को नामांकन कराया जाना है।
मिशन कंपाउंड में नामांकन कराने से पहले नौ जिलों की 52 विधानसभाओं के जनप्रतिनिधि और प्रमुख पदाधिकारी नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने बरेली पहुंचेंगे। उनका यह भी कहना है कि अभी तक दावेदारी में एक भी मजबूत व्यक्ति सामने नहीं आया है। जयपाल सिंह व्यस्त सिटिंग एमएलसी हैं, इसलिए हाईकमान भी इन्हीं पर इस बार भी दांव खेल सकता है।
जिसे जो जिम्मेदारी मिले, उसे पूर्णरूप से निभाएं: संतोष
नव वर्ष के मौके पर एमएलसी स्नातक चुनाव को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक अर्बन कोऑपरेटिव बैंक कार्यालय में हुई। जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष गंगवार ने चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की और सभी से जीजान से चुनाव में जुटने पर जोर दिया। कहा कि जिस व्यक्ति को जो जिम्मेदारी दी जाए, उसे पूर्ण रूप से निभाएं। वन मंत्री डा. अरुण कुमार ने कहा कि इस चुनाव में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उसे जिम्मेदारी से निभाएं।
बरेली-मुरादाबाद स्नातक चुनाव संयोजक/ एमएलसी डा. हरी सिंह ढिल्लो ने कहा कि सभी विधानसभा संयोजक अपने-अपने क्षेत्रों के वोटरों की जिम्मेदारी तय करके उनसे संपर्क करें। चुनाव सह संयोजक/पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर ने कहा कि चुनाव की तैयारी पूरी हैं। शीघ्र बूथ स्तर तक वोटरों से संपर्क किया जाएगा।
चुनाव सह संयोजक पंडित राम गोपाल मिश्रा ने कहा कि सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी जिम्मेदारी के साथ वोट डलवाने का कार्य करेंगे। बरेली जिलाध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि बरेली मुरादाबाद स्नातक चुनाव एक महत्वपूर्ण चुनाव है, इसे सभी लोग जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे। महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा ने कहा कि वोट डलवाने के लिए कार्यकर्ताओं की टीम तैयार हो गई है, जिसे वह जिम्मेदारी के साथ पूर्ण करेंगे। एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त ने सभी से आग्रह किया कि 30 जनवरी को चुनाव है और सभी लोगों को उसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है।
बैठक में प्रमुख रूप से एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, कुंवर सुभाष पटेल, महापौर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, विधायक डॉ. डीसी वर्मा, विधायक डॉ. एमपी आर्य, पूर्व विधायक बहोरन लाल मौर्य, जिलाध्यक्ष आंवला वीर सिंह पाल, आदेश प्रताप सिंह, प्रत्तेश पांडे, बंटी ठाकुर, सोमपाल शर्मा, शिव प्रताप सिंह रिंकू, अभय सिंह चौहान, पुष्पेंद्र शर्मा, विष्णु शर्मा एवं समस्त विधानसभा संयोजक मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- बरेली: नए साल पर पांच हजार से अधिक घरों में गुल रही बिजली
