मुरादाबाद : ठंड ने तोड़ा रिकार्ड, 4 डिग्री तक पहुंचा तापमान...बरतें सावधानी

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

अधिकतम तापमान 17 डिग्री, आर्द्रता न्यूनतम 34 और अधिकतम 63 प्रतिशत, पांच किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम दिशा से चल रही हवा से बढ़ी गलन

मुरादाबाद, अमृत विचार। ठंड इस सीजन में रिकार्ड तोड़ रही है। मंगलवार को लुढ़कते पारे ने पिछले चार साल के तापमान को पीछे छोड़ दिया और न्यूनतम पारा लुढ़क कर 4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। जबकि इससे पहले सर्दी के इस सीजन में न्यूनतम पांच डिग्री कई दिन रहा। कड़ाके की ठंड ने लोगों कंपा दिया है। धूप न निकलने से लोग ठिठुर रहे हैं, ऊपर से गलन जुल्म ढा रही है। फुटपाथ पर समय गुजारने वालों पर सर्दी का सितम भारी पड़ रहा है। 

2022 के आखिरी दिन और 2023 के पहले दिन से ही सर्दी का असर इतना है मानों खून ही जमा दे। स्वेटर, जैकेट और अन्य गर्म कपड़े पहनने के बाद भी लोग कांप रहे हैं। कंबल, रजाई भी ठंड को नहीं रोक पा रही है। मंगलवार को पारा गिरकर चार डिग्री पर न्यूनतम आ गया। जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री रहा। पांच किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम दिशा से चल रही ठंडी हवा ने और सितम ढाया। आर्द्रता  न्यूनतम 34 और अधिकतम 63 प्रतिशत है। पिछले कई दिनों से तापमान में कमी और धूप न निकलने से जनजीवन अस्त -व्यस्त हो गया है। गीले कपड़े न सूखने से लोगों के लिए मुश्किल हो रही है। ऊपर से बिजली की आवाजाही ने हीटर, ब्लोअर का मजा किरकिरा कर दिया है। आठवीं कक्षा तक के स्कूलों में शीतावकाश होने से बच्चों को थोड़ी राहत है। लेकिन वह भी घरों में कैद होकर रह गए हैं। 

जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण के आपदा विशेषज्ञ पंकज मिश्र का कहना है कि अभी ठंड और सताएगी। निराश्रितों से अपील है कि खुले आकाश और फुटपाथ पर न सोएं। अपने आसपास किसी रैन बसेरा या शेल्टर होम में जाकर रात बिताएं। इसमें बिस्तर, कंबल आदि का प्रबंध है। किसी असुविधा की स्थिति में जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण के कंट्रोल रुम के नंबर 0591-2412728 और मोबाइल नंबर 9454416867 और टोल फ्री नंबर 1077 पर फोन कर सकते हैं। 

त्वचा संबंधी रोग भी बढ़े
जिला आपदा विशेषज्ञ का कहना है कि शीतलहर से त्वचा में रुखापन, पीलापन और सख्त होने की शिकायत बढ़ रही है। कई लोगों में पैरों की अंगुलियों, पेट, पीठ पर लाल फफोले जिसे गैंगरीन भ्ज्ञी कहा जाता है दिख रहे हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर अपने नजदीकी और विशेषज्ञ त्वचा रोग विशेषज्ञ की सलाह से इलाज कराएं। 

शीतलहर के समय यह बरतें सावधानी
खुद को सुरक्षित रखने के लिए गर्म कपड़े पहनें। शरीर को अधिक से अधिक ढक कर रखें। शरीर में गर्माहट बनाए रखने के लिए गर्म पानी के साथ ही अन्य गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें। पास पड़ोस में यदि कोई व्यक्ति अकेले खासकर कोई बुजुर्ग हैं तो उनकी देखभाल करें। क्योंकि उम्रदराज लोगों को इस मौसम में अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। आपात स्थिति और मौसम की जानकारी मीडिया प्लेटफार्म से समय-समय पर लेते रहें और सतर्कता बरतें।

यह न करें

  • हीटर, ब्लोअर जलाएं मगर कमरे को पूरी तरह बंद न करें, वेंटीलेटर के लिए कोई खिड़की खुला रखें।
  • हीटर, ब्लोअर को रजाई, कंबल में न डालें और न ही बिस्तर पर रखें।
  • शराब का सेवन न करें, क्योंकि यह शरीर के अंदरूनी तापमान को गिरा देती है जो शीतलहर और कड़ाके की ठंड में जानलेवा हो सकती है।


छह दिनों का तापमान

तारीख                  अधिकतम            न्यूनतम
03  जनवरी                17                  4 डिग्री 
02 जनवरी                 19                  5 डिग्री
01 जनवरी                 19                  4 डिग्री 
31 दिसंबर                  15                 6 डिग्री    
30 दिसंबर                  18                 6 डिग्री
29 दिसंबर                  20                  5 डिग्री

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : तीन साल से पहले नहीं मिलेगी ब्लैक स्पॉट से निजात!

 

संबंधित समाचार