अयोध्या : स्वास्थ्य सखी भर्ती के लिए आईं महिलाओं को झेलनी पड़ी अव्यवस्था
अमृत विचार, बीकापुर, अयोध्या। बीकापुर विकासखंड पर बुधवार को आयोजित स्वास्थ्य सखी चयन प्रक्रिया में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। स्वास्थ्य सखी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए कड़कड़ाती ठंड में ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों से सैकड़ों महिलाएं सुबह से ही विकास खंड कार्यालय पर पहुंची थीं।
कई महिलाएं गोदी में छोटे-छोटे बच्चों को लेकर ब्लॉक पर पहुंची थी। ब्लॉक खंड सभागार में लिखित परीक्षा के बाद परिसर में महिलाओं का साक्षात्कार शुरू हुआ। इस दौरान महिलाओं के बैठने के लिए कोई व्यवस्था न होने के चलते ठंड में महिलाएं परिसर में जमीन पर घंटों बैठी रहीं। जबकि एडीओ आईएसबी एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी लिखित परीक्षा में चयनित हुई महिलाओं को क्रमवार साक्षात्कार के लिए अंदर बुलाते रहे। अलाव की भी कोई व्यवस्था नहीं दिखाई पड़ी।
बताया गया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वास्थ्य सखी पद पर चयन के लिए बुलाया गया था। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी सीपी उपाध्याय ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए कुर्सी और फंड की कोई व्यवस्था नहीं मिली है। जिसके कारण इंतजाम नहीं किया जा सका।
यह भी पढ़ें:-प्रदेश के बुनकरों को बिजली के बिल दी जाएगी सब्सिडी : सीएम योगी
